सर, मेरी जरूरत है या नहीं?: कैप्टन अमरिंदर ने PM मोदी से पूछा सवाल, कहा- पांच साल से मुझे किसी ने नहीं पूछा

पंजाब की राजनीति में करीब छह दशक तक अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अब अपनी ही पार्टी भाजपा में राजनीतिक भूमिका को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

पांच साल पहले भाजपा में शामिल होने के बावजूद प्रदेश की राजनीति में सक्रिय जिम्मेदारी नहीं मिलने की उनकी नाराजगी सामने आई है। कैप्टन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि पांच साल तक मुझे किसी ने नहीं पूछा। आखिर पंजाब में भाजपा को उनकी जरूरत है भी या नहीं?
मीडिया से बातचीत में कैप्टन ने कहा कि प्रधानमंत्री से हालिया मुलाकात के दौरान उन्होंने पूछा था कि सर, क्या आपको मेरी जरूरत है? उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि भाजपा में शामिल हुए पांच साल बीत चुके हैं लेकिन इस दौरान न दिल्ली के नेतृत्व और न ही पंजाब के किसी नेता ने उनसे प्रदेश की राजनीति को लेकर कोई गंभीर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि पार्टी इस मामले को देख रही है। हालांकि, कैप्टन का कहना था कि पांच साल तक इंतजार करना कम समय नहीं है।
छह दशक का अनुभव लेकिन पार्टी में भूमिका का इंतजार
कैप्टन ने भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में पुराने नेताओं पर ही ज्यादा भरोसा किया जाता है। नए शामिल हुए नेताओं के लिए शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच बनाना आसान नहीं है। भाजपा में वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के अवसर भी सीमित हैं और कई बार साल में एक बार ही मिलने का मौका मिलता है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की राजनीति का लंबा अनुभव होने के बावजूद पार्टी ने उनकी क्षमताओं का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं किया। प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों को समझने वाले स्थानीय नेताओं को जिम्मेदारी देने के बजाय बाहर से आए नेताओं को अहम भूमिका सौंपी जा रही है।

कैप्टन के मुताबिक, दिल्ली में उन्हें बताया गया कि पंजाब ही नहीं, दूसरे राज्यों से कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेताओं को भी ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

और पढ़े  सोनिया गांधी का पैतृक घर बनेगा संग्रहालय: सिख कारोबारी सुखदेव सिंह कंग की प्लानिंग

कांग्रेस में रहते हुए आलाकमान तक थी सीधी पहुंच
कैप्टन ने कांग्रेस के दिनों को याद करते हुए कहा कि वहां पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच काफी आसान थी। रात नौ बजे भी कांग्रेस अध्यक्ष का फोन आ जाता था और अहमद पटेल की मौजूदगी में राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होती थी। उन्होंने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी जिक्र किया।

कैप्टन ने बताया कि पीठ की सर्जरी और घुटने का प्रत्यारोपण होने के कारण उन्हें लंबे समय तक आराम करना पड़ा। हालांकि, अब स्वास्थ्य ठीक होने के बावजूद पार्टी में उनकी भूमिका को लेकर स्थिति नहीं बदली है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने उनसे संपर्क किया और चंडीगढ़ आने पर मुलाकात का भरोसा दिया।

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी पर भी साधा निशाना
कैप्टन ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई है। प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी और परगट सिंह के अलग-अलग समूह बन चुके हैं। उनके मुताबिक, अपने लंबे राजनीतिक अनुभव में उन्होंने कांग्रेस के भीतर इस स्तर की गुटबाजी पहले कभी नहीं देखी।

कैप्टन के बयान के सियासी मायने
कैप्टन का यह बयान पंजाब में भाजपा की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अकाली दल के साथ गठबंधन के बाद भाजपा प्रदेश में नए सिरे से राजनीतिक समीकरण साधने में जुटी है। ऐसे समय में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री का सार्वजनिक रूप से अपनी भूमिका पर सवाल उठाना संगठन के भीतर तालमेल और नेतृत्व की प्राथमिकताओं पर चर्चा का विषय बन गया है।

  • Related Posts

    पंजाब में गठबंधन की घोषणा: अमित शाह बोले- अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में होगा, मुख्यमंत्री भी उसी का रहेगा

    पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को बड़ा एलान हुआ है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित…

    पंजाब में ईडी का बड़ा एक्शन: 7 आईएएस-आईपीएस को समन, निलंबित डीआईजी भुल्लर मामले में बढ़ा जांच का घेरा

    पंजाब में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे के अधिकारियों पर शिकंजा कसना शुरू…