उत्तराखंड के ऐतिहासिक नगर श्रीनगर गढ़वाल का पौराणिक कमलेश्वर महादेव मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि गढ़वाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण धरोहर स्थल है। मंदिर परिसर में संरक्षित करीब 40 चरण पादुकाएं यहां की सदियों पुरानी धार्मिक परंपराओं और इतिहास की कहानी बयां कर रही हैं। इन पादुकाओं पर उत्कीर्ण नाम, कार्यकाल और संवत के उल्लेख मंदिर की महंत परंपरा के साथ ही समाज और धर्म से जुड़े महत्वपूर्ण लोगों की स्मृतियों को भी संजोए हुए हैं।
चरण पादुकाओं पर अंकित अभिलेख मंदिर के इतिहास को समझने का महत्वपूर्ण आधार हैं। इनमें कई अभिलेख समय के साथ धुंधले पड़ गए हैं, जबकि कुछ पर संवत और अन्य विवरण आज भी पढ़े जा सकते हैं। उपलब्ध पठनीय अभिलेखों में संवत 1860 से लेकर संवत 2040 तक का उल्लेख मिलता है। इससे स्पष्ट होता है कि इन पादुकाओं में अलग-अलग कालखंडों की ऐतिहासिक स्मृतियां दर्ज हैं। पत्थरों पर उकेरे गए ये नाम और तिथियां उन व्यक्तित्वों की याद दिलाते हैं, जिन्होंने मंदिर और समाज की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। -भगवान प्रसाद घिल्डियाल, साहित्य एवं संस्कृति विशेषज्ञ।
खड़ा दीया परंपरा से जुड़ी है विशिष्ट धार्मिक पहचान
कमलेश्वर महादेव मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख दिल्ली स्थित अक्षरधाम में प्रदर्शित डॉक्यूमेंट्री में भी किया गया है। मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर्व पर दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दिन संतान प्राप्ति की कामना से की जाने वाली खड़ा दीया परंपरा इसकी सबसे विशिष्ट धार्मिक मान्यताओं व पहचान में शामिल है। मान्यता के अनुसार निःसंतान दंपती संतान प्राप्ति की कामना लेकर रात्रि भर खड़े रहकर हाथों में जलता हुआ दीपक धारण करते हैं। इस वर्ष मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर्व 23 नवंबर को मनाया जाएगा।








