पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के अमनाबाद गांव में एक नवविवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसकी हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल को सुरक्षित रखने के लिए ससुराल के घर को सील कर दिया गया है।
पिता ने पुलिस को बताया कि 21 नवंबर को उनकी बेटी से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस दौरान नीलू ने फोन पर मारपीट किए जाने और रुपये की मांग को लेकर परेशान किए जाने की बात कही थी। इसके दो दिन बाद, 23 नवंबर को उन्हें बेटी की हत्या किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद वे पुलिस के साथ अमनाबाद स्थित ससुराल पहुंचे। आरोप है कि वहां परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार थे।
दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लापता महिला की तलाश भी जारी है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है, ताकि जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें। हत्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच और घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







