बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे और महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेतरहट थाना क्षेत्र के गुनसागर गांव के पास लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर हुआ। यहां स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत पांच लोगों की जान चली गई।
चार शव अस्पताल पहुंचे, चालक का शव गाड़ी में फंसा
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक मासूम बच्चा और महिला भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं, चार मृतकों के शव लखीसराय सदर अस्पताल लाए जा चुके हैं। स्कॉर्पियो चालक का शव दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ है। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल की ओर से प्रयास किया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। दुर्घटना के कारण लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई।







