यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछने लगी है। पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह के लिए शनिवार को लखनऊ पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने मंच से युवा मतदाताओं को साधने के साथ भाजपा का चुनावी एजेंडा भी साफ कर दिया। कौशल, तकनीक, रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर देकर उन्होंने युवाओं के भविष्य को विकास के नैरेटिव से जोड़ने की कोशिश की। संदेश साफ था कि चुनाव में जातीय समीकरणों के साथ रोजगार, आर्थिक अवसर व युवा आकांक्षाओं को विमर्श के केंद्र में रखा जाएगा।
योगी सरकार के विकास मॉडल को राष्ट्रीय समर्थन
लखनऊ के मंच से मोदी ने प्रदेश में विकास और युवा सशक्तीकरण के एजेंडे को केंद्र सरकार के नेतृत्व व योजनाओं से जोड़ने का अवसर भी दिया। भाजपा यूपी को निवेश, उद्योग, तकनीक और रोजगार के नए अवसरों वाले प्रदेश के रूप में पेश करना चाहती है। ऐसे में प्रधानमंत्री का संदेश योगी सरकार के विकास मॉडल को राष्ट्रीय नेतृत्व के भरोसे और समर्थन से जोड़ने की कोशिश भी है। इससे चुनाव में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की संयुक्त ब्रांडिंग को मजबूती मिल सकती है।
युवाओं के सपनों को वोट में बदलने की चुनौती
भाजपा समझती है कि युवा केवल नारों से नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं और ठोस अवसरों से जुड़ता है। इसलिए कौशल दीक्षांत समारोह का संदेश प्रमाणपत्र वितरण से आगे राजनीतिक मायने रखता है। मोदी ने युवाओं की आकांक्षाओं को विकास के विमर्श से जोड़ने की जमीन तैयार की है। हालांकि, इस संदेश की असली परीक्षा रोजगार, भर्ती और स्वरोजगार के मोर्चे पर मिले परिणामों से होगी। 2027 के चुनाव में युवा उम्मीदों को वास्तविक अवसरों और भरोसे में बदल पाना ही भाजपा के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।








