मुंबई की रिहायशी इमारत में लगी आग: दो बच्चों समेत 8 लोगों को बचाया गया, दमकल अधिकारी घायल

दक्षिण मुंबई में रविवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग का एक अधिकारी घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कहां और कब लगी आग?
अधिकारियों के मुताबिक, आग रात को नवजीवन सोसायटी के पास गिल्डर लेन स्थित हीरा मंजिल की दूसरी मंजिल के एक कमरे में लगी। दमकलकर्मियों ने करीब पांच घंटे तक आग बुझाने का काम किया। इसके बाद सुबह 5:05 बजे आग पर काबू पाया गया।

कैसे बचाए गए आठ लोग?
दमकलकर्मियों ने तीसरी मंजिल पर फंसे एक पुरुष और दो महिलाओं को बचाया। इसके लिए टर्नटेबल सीढ़ी का इस्तेमाल किया गया। वहीं, पहली मंजिल पर फंसी एक बुजुर्ग महिला को सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकाला गया। इसके अलावा, चौथी मंजिल के एक कमरे में चार लोग फंसे थे। इनमें एक पुरुष, एक महिला, एक लड़का और एक लड़की शामिल थे। सभी को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित नीचे लाया गया।

घायल महिला और दमकल अधिकारी का क्या हुआ?
बुजुर्ग महिला को घबराहट के कारण दौरा पड़ा था। उसे पुलिस के वाहन से रिलायंस अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के एक वरिष्ठ स्टेशन अधिकारी की दाहिनी हथेली में चोट लग गई। उसे एंबुलेंस से नायर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उसे भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

दमकलकर्मियों के सामने क्या थी चुनौती?
अधिकारियों ने बताया कि इमारत के पास ही पेट्रोल पंप मौजूद था। इस वजह से आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों के सामने एक और चुनौती थी।

और पढ़े  आसियान: पीएम मोदी से मिले ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- वे मजबूत शख्सियत,मनीला में क्वाड बैठक से पहले की तारीफ

आग से कितना नुकसान हुआ?
अधिकारियों के मुताबिक, आग दूसरी मंजिल के कमरे तक ही सीमित रही। इस कमरे में बिजली के तारों और उपकरणों में आग लगी। लकड़ी का फर्नीचर, एयर कंडीशनर और घर का दूसरा सामान भी इसकी चपेट में आ गया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सही वजह का अभी पता नहीं चला है। नुकसान कितना हुआ है, इसका भी आकलन किया जाना बाकी है।

  • Related Posts

    राजस्थान- उजड़ गया पूरा परिवार!: राजस्थान में खाटू श्याम से लौट रहे वाहन की ट्रक से टक्कर, 9 की मौत, कई घायल

    राजस्थान में कोटा-उदयपुर हाईवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। शंभूपुरा के पास श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।…

    राजस्थान: जोधपुर में कार और टेंपो की भीषण टक्कर, तीन की मौत, 15 से ज्यादा घायल, गुजरात लौट रहा था परिवार

    राजस्थान के जोधपुर में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार और टेंपो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग…