Views: 16,598
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या प्रकरण में पुलिस गिरधारी लाल साहू से पूछताछ के लिए तीन दिन की पीसीआर लेने की तैयारी में है। रिमांड मिलने पर एसआईटी आरोपी से कंपनियों के दस्तावेजों में छेड़छाड़, फर्जी हस्ताक्षरों और निदेशक पद से हटाने की पूरी प्रक्रिया के बारे में पूछताछ करेगी। साथ ही मंत्री रेखा आर्या की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों पर जवाब तलाशे जाएंगे।
रेखा आर्या ने 15 अक्तूबर को कैंट थाने में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें मारपीट, धोखाधड़ी, धमकी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल और फर्जी दस्तावेज तैयार कर चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने समेत कई आरोप लगाए गए थे। मामले की जांच के लिए एसएसपी ने एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान पुलिस ने कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। पांच कंपनियों से संबंधित कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी मिली, लेकिन मूल दस्तावेज की अब भी तलाश हो रही है।
लंबे समय तक फरार रहने के बाद एसआईटी ने छह नवंबर को गिरधारी लाल साहू को झांसी से गिरफ्तार किया था। उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली से पकड़ा गया था। फिलहाल गिरधारी न्यायिक अभिरक्षा में है। एसआईटी कंपनियों के आयकर रिटर्न और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी खंगाल रही है।