उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच मंगलवार को नई दिल्ली में सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत शुरू होगी। प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग करते हुए अपनी सूची सौंपी है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव का कहना है कि संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में जिस पार्टी की जीतने की स्थिति मजबूत होगी, उसे ही सीट दी जाएगी।
बैठक 10, राजाजी मार्ग पर हुई। इसमें कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग बदलाव चाहते हैं। वे सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित समुदायों के अधिकारों की मजबूत सुरक्षा की अपेक्षा कर रहे हैं। खरगे ने कहा, “आज मैंने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ राज्य की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गहन चर्चा की।” उन्होंने आगे कहा, “उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। राज्य के लोग बदलाव चाहते हैं और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित समुदायों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहते हैं। कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए खरगे ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।
कांग्रेस ने आगामी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को पांच राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियां गठित की गई हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन पैनल का नेतृत्व करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को नियुक्त किया है।
राज्यवार कमेटियों का विवरण
उत्तर प्रदेश
अध्यक्ष: अजय माकन
सदस्य: असलम शेख, बी.वी. श्रीनिवास
पंजाब
अध्यक्ष: डॉ. सिरिवेलला प्रसाद
सदस्य: सचिन सावंत, निवेदिथ अल्वा
उत्तराखंड
अध्यक्ष: दीपा दासमुंशी
सदस्य: अनिल चौधरी, पाल भाई अंबालिया
गोवा
अध्यक्ष: के.जे. जॉर्ज
सदस्य: सतेज डी. पाटिल, शफी परम्बिल
मणिपुर
अध्यक्ष: बी.एम. संदीप
सदस्य: हिबी ईडन, राजेश ठाकुर





