फुटबॉल पर गर्भस्थ शिशु का मॉडल तैयार किया। सर्जरी की बारीकियों और चुनौतियों को समझने के लिए अलग-अलग 100-100 ग्राम के 12 फीटल मॉडल पर बार-बार अभ्यास किया। जब हर पहलू की तैयारी पूरी हो गई, तब 700 ग्राम के गर्भस्थ शिशु की जटिल सर्जरी को अंजाम दिया। यह किसी फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि एम्स के डॉक्टरों की उस ऐतिहासिक सर्जरी की तैयारी थी, जिसने देश में फीटल सर्जरी के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है।
25 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु की पहली ओपन फीटल सर्जरी
एम्स के विशेषज्ञों ने 12 नवंबर को दिल्ली की एक गर्भवती महिला के 25 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु की पहली ओपन फीटल सर्जरी की। गर्भस्थ शिशु की रीढ़ में जन्मजात विकृति लुंबोसैक्रल मायलोमेनिंगोसील थी। करीब छह घंटे चली इस सर्जरी में आठ विभागों के 30 से अधिक विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। खास बात यह है कि एम्स पिछले 14 वर्षों से इस तरह की सर्जरी के लिए उपयुक्त मरीज का इंतजार कर रहा था।
गर्भाशय तक पहुंच बनाने और पीठ की सर्जरी करने तक की प्रक्रिया का किया अभ्यास
सर्जरी के लिए डॉक्टरों ने पहले से ही हर छोटी-बड़ी चुनौती का अभ्यास किया था। फुटबॉल पर फीटल का मॉडल बनाकर ऑपरेशन का ट्रायल किया गया, ताकि गर्भाशय तक पहुंच बनाने से लेकर शिशु की पीठ पर सर्जरी करने तक की प्रक्रिया को समझा जा सके। इसके बाद 100 ग्राम के 12 अलग-अलग फीटल मॉडल पर भी अभ्यास किया गया। इस तैयारी का मकसद वास्तविक सर्जरी के दौरान किसी भी तरह की चूक की आशंका को कम करना था।
निदेशक बोले- बेहतर टीम और तालमेल से संभव हुई सर्जरी
एम्स निदेशक डॉ. निखिल टंडन ने कहा कि इस तरह की सर्जरी किसी एक विशेषज्ञ की व्यक्तिगत दक्षता से संभव नहीं है। इसके लिए अलग-अलग विभागों के अनुभवी डॉक्टरों का एक साथ आना, चर्चा करना, पूरी योजना बनाना और उसे लागू करना जरूरी है। यह बेहद दुर्लभ और जटिल प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि सर्जरी का पूरा खर्च सरकारी योजना के तहत वहन किया गया। भारत में पहली बार इस तरह की ओपन फीटल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है।






