झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, कल भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती भी है, जनजातीय गौरव दिवस भी है। बहुत शर्मसार करने वाली बात है कि कांग्रेस के विधायक झारखंड से भूषण बाड़ा ने एक मात्र 14 साल की आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है, ऐसे बहुत गंभीर आरोप आ रहे हैं। यहां तक कि जांच एजेंसियों ने पॉक्सो के तहत एक एफआईआर भी दर्ज की है।
झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग आदिवासी लड़की ने दुष्कर्म, दुर्व्यवहार और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, विधायक भूषण ने आरोपों को गलत करार दिया है।
पीड़ित नाबालिग लड़की ने शिकायत में बताया है कि उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलवाने का भरोसा देकर लाया गया था। पीड़िता को पहले सिमडेगा स्थित विधायक आवास पर रखा गया और फिर वहां से रांची लाया गया। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ही स्थानों पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया।
शिकायत आवेदन के अनुसार, 5 अगस्त को रांची स्थित विधायक आवास में भूषण बाड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके अलावा, घटना के बाद पीड़िता को किसी से भी इस बारे में न बोलने की कड़ी चेतावनी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बात उजागर करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
विधायक ने कहा-आरोपों में सच्चाई नहीं
दूसरी तरफ, विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने अपने बयान में स्पष्ट किया कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। विधायक ने कहा कि यह पूरी तरह से उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से रची गई एक साजिश है।
बांसुरी स्वराज ने कहा, कांग्रेस पार्टी ने दोहरे मापदंडों को बहुत आम बात बना दिया है। एक तरफ, आपको पता होगा कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने बिमल अकोइजम पर गंभीर आरोप लगाए थे। जब अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें दोषी पाया गया, तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। बिमल को हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। उन्हें न तो कोई ‘शो-कॉज नोटिस’ (कारण बताओ नोटिस) दिया गया और न ही उनसे कोई स्पष्टीकरण मांगा गया। लेकिन हां, कांग्रेस पार्टी ने उन्हें इनाम जरूर दिया।







