ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। इसके साथ ही एक दशक से ज्यादा लंबे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया। 38 वर्षीय मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 286 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 7226 रन बनाने के साथ 136 विकेट भी हासिल किए। ‘द बिग शो’ के नाम से मशहूर मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की 2015 और 2023 वनडे विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य रहे। इसके अलावा वह 2021 में टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा थे।
ग्लेन मैक्सवेल ने साल 2012 में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, शानदार पावर हिटिंग और अनोखे शॉट्स के दम पर दुनिया के सबसे खतरनाक व्हाइट-बॉल बल्लेबाजों में अपनी पहचान बनाई। मैक्सवेल अपनी बल्लेबाजी से किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते थे। गेंदबाजी में उपयोगी ऑफ स्पिन और मैदान पर बेहतरीन फील्डिंग ने उन्हें एक संपूर्ण ऑलराउंडर बनाया।
मैक्सवेल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच शतक लगा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ वह भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से इस प्रारुप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने कई मौकों पर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनका योगदान ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बेहद अहम रहा।






