परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड: जांच के लिए मानसा पहुंची CBI,पुलिस ने टीम को सौंपी मामले से संबंधित फाइल

पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच के लिए  सीबीआई की टीम मानसा पहुंच गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात करने के बाद सीबीआई टीम के मानसा पहुंचने की कार्रवाई सामने आई है।

अमित शाह ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि हत्याकांड की गहराई से जांच करवाई जाएगी और जल्द ही सीबीआई की टीम मानसा पहुंचेगी।

मानसा पहुंचने के बाद सीबीआई की डीएसपी सहित पांच सदस्यों की टीम ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। इस दौरान मानसा पुलिस ने परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड से संबंधित फाइल सीबीआई को सौंप दी है। अब सीबीआई  इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच करेगी।

किसने रची झोटा की हत्या की साजिश
जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि परविंदर सिंह झोटा की हत्या की साजिश किसने रची और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। इसके अलावा, मामले के मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार के कथित नशा कारोबार से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जाएगी।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा सकता है कि इस मामले में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की कोई भूमिका अथवा कथित मिलीभगत थी या नहीं। हालांकि, इन सभी पहलुओं पर स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब इस हत्याकांड की जांच सीबीआई द्वारा किए जाने के बाद मामले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।
झोटा का परिवार बोला, मांगें पूरी होने तक नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की सीबीआई जांच करवाने पर सहमति जताने के बावजूद मंगलवार को आठवें दिन भी उनका अंतिम संस्कार नहीं हो सका। परिवार और इंसाफ कमेटी सभी मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने पर अड़े हैं। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के डीजीपी इस्तीफा नहीं देते और उनकी सभी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक संस्कार नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि सरकार के आश्वासन पर भरोसा नहीं किया जा सकता, जांच शुरू होती है या नहीं, यह बाद में देखा जाएगा। इंसाफ कमेटी और परिवार ने मांग की कि नशे के नेटवर्क को तोड़कर नशा तस्करों और उनके पीछे खड़े कथित सियासी गठजोड़ को बेनकाब किया जाए। मंगलवार को धरने में पूर्व सैनिकों, विभिन्न संगठनों और नेताओं ने पहुंचकर समर्थन दिया। कर्नल बाठ की पत्नी जसविंद्र कौर भी धरने में शामिल हुईं।
यह है मामला
मानसा के एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्तूबर को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार और उसकी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। झोटा की हत्या के बाद पूरे पंजाब में आक्रोश फैल गया है। झोटा का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है।
और पढ़े  पंजाब: नशा विरोधी कार्यकर्ता का पांच दिन बाद भी नहीं हो सका अंतिम संस्कार, CM मान के इस्तीफे पर अड़ा परिवार
  • Related Posts

    झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई के हवाले: CM मान ने मानी परिवार की मांग, गृहमंत्री के दाैरे से पहले एलान

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मानसा में मारे गए नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर झोटा के मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने का एलान किया है। यह फैसला परिवार…

    आज अमित शाह का पंजाब दाैरा: बटाला, संगरूर के बाद जाएंगे मानसा, शाम को लुधियाना में दशहरा समारोह में लेंगे हिस्सा

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंजाब दाैरे पर हैं। शाह पंजाब में नशा पीड़ित परिवारों से मिलेंगे। सबसे पहले गृहमंत्री दोपहर सवा 12 बजे बटाला के माड़ी पन्नवां जाएंगे…