यूपी के ललितपुर जिले में मंगलवार की सुबह एक दुखद घटना सामने आई। थाना बानपुर के ग्राम टीकरा तिवारी में 32 वर्षीय पूजा कुशवाहा ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में महिला और उसके एक पुत्र की मौत हो गई, जबकि बच्ची की तलाश अभी भी जारी है।
कुएं में डूबी पांच वर्षीय बच्ची पूर्वी की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस और गांववालों की टीम बच्ची को ढूंढने का प्रयास कर रही है। कुएं का पानी करीब 20 से 25 फुट तक भरा हुआ बताया जा रहा है। बच्ची को खोजने के लिए डीजल इंजन का उपयोग कर कुएं से पानी खाली कराया जा रहा है। यह प्रक्रिया लगातार जारी है ताकि बच्ची को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।
इस हृदय विदारक घटना के पीछे का कारण घरेलू कलह को बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूजा कुशवाहा अपने परिवार में चल रही कलह से परेशान थी। इसी परेशानी के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।






