कोटा में भीषण हादसा: एमपी के आठ श्रद्धालुओं की मौत, 15 से ज्यादा घायल, पुल से 15 फीट नीचे गिरी मिनी बस

राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमलिया थाना क्षेत्र में भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर नाले के ऊपर बने पुल से टकराई और करीब 15 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में बैतूल के रहने वाले करीब आठ लोगों की मौत की खबर है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का आईसीयू में इलाज चल रहा है। यह हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे आठ लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। वाहन में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

 

पुल से टकराकर 15 फीट नीचे नाले में गिरी टेंपो ट्रैवलर

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु भोपाल से टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे। कोटा के सीमलिया थाना क्षेत्र में अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वह नाले के ऊपर बने पुल से टकराकर करीब 15 फीट नीचे जा गिरा।

हादसे में कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी आई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

और पढ़े  मध्यप्रदेश: सीजीएसटी का सुपरिंटेंडेंट 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, घरों से मिले 72.5 लाख नकद

 

भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे श्रद्धालु, सभी एक-दूसरे को जानते थे

कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने हादसे में करीब आठ लोगों की मौत और 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बस में सवार यात्री अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन सभी एक-दूसरे को जानते थे।

इस यात्रा की योजना बनाने वाला व्यक्ति भी टेंपो ट्रैवलर में सवार था। वह भी हादसे में घायल हुआ है और कोटा मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। 

चालक को नींद की झपकी आने से हादसे की आशंका

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि रात में वाहन चलाने के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई होगी। इसी वजह से टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गंभीर घायलों को आईसीयू में भर्ती कराया गया

कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि हादसे में घायल सभी यात्रियों का इलाज किया जा रहा है। जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। प्रशासन घायलों के उपचार पर नजर रख रहा है।

 

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। दुर्घटना में आठ लोगों की मौत की खबर से उनके परिवारों में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • Related Posts

    MP- महिला आरक्षक को लिंग परिवर्तन की मिली इजाजत, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

    मध्यप्रदेश पुलिस में पदस्थ एक महिला आरक्षक के लिंग परिवर्तन से जुड़े मामले में गृह विभाग ने अनुमति संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश…

    मध्यप्रदेश: सीजीएसटी का सुपरिंटेंडेंट 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, घरों से मिले 72.5 लाख नकद

    केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भोपाल में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के सुपरिंटेंडेंट राजेश कुमार गुप्ता को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी…