Views: 38,588
शिक्षक-कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 19 अक्तूबर को महानवमी पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन समेत विभिन्न संगठनों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। संगठनों का कहना है कि 18 अक्तूबर को रविवार और 20 अक्तूबर को दशहरे का अवकाश है। ऐसे में 19 अक्तूबर को भी छुट्टी मिलने से लगातार तीन दिन का अवकाश मिलेगा और शिक्षक-कर्मचारी महानवमी के धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो सकेंगे।
रोडवेज आउटसोर्स कर्मियों का वेतन बढ़ना तय
रोडवेज के आउटसोर्स कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़ाने के लिए रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रयास पर पत्राचार शुरू हो गया। दीपावली से पहले इस पर निर्णय होने की उम्मीद जगी है। बीती मई में शासन से आउटसोर्स के कुशल कर्मियों को पारिश्रमिक दर 16,868 रुपये और अकुशल को 11,629 रुपये देने आदेश दिया गया। लेकिन शासन के आदेश को दरकिनार करते हुए 8400 रुपये प्रति कर्मी भुगतान किया जा रहा है। ऐसे में परिषद के प्रांतीय महामंत्री गिरीश मिश्र की ओर से प्रबंध निदेशक पीएन सिंह को भेजे गए पत्र को संज्ञान में लेकर प्रधान प्रबंधक श्रम कल्याण अंकुर विकास ने मुख्य प्रधान प्रबंधक प्राविधिक से आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक दरों में बदलाव करते हुए भुगतान की अनुमति मांगी हैं।