दिल्ली में आज कॉकरोच पार्टी के तिरंगा मार्च से पहले सीपी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक तरफ जहां कई संगठनों ने शुक्रवार, 16 अक्तूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लहरा दो तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया है और लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है, वहीं दिल्ली पुलिस ने जनता से शांति भंग न करने की गुजारिश की है।
सीजेपी और आइसा ने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, सौरव दास और आशुतोष रांका समेत हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई और जंतर-मंतर को दोबारा प्रदर्शन स्थल बनाने की मांग शामिल है। संगठनों ने पुलिस कार्रवाई रोकने की भी अपील की। इसी कड़ी में संगठनों ने शुक्रवार, 16 अक्तूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लहरा दो तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया। आयोजकों ने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
कनॉट प्लेस में चौकसी, डायवर्जन लागू
कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। राजधानी में करीब एक महीने से अर्द्धसैनिक बलों के 20 हजार से ज्यादा जवान तैनात हैं। प्रदर्शनकारियों और आम लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कनॉट प्लेस निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं है। प्रदर्शनकारी जरूरी अनुमति लेने के बाद रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान या सीबीडी मैदान में प्रदर्शन कर सकते हैं। सेंट्रल पार्क और कनॉट प्लेस में 16 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित सभा को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में दोपहर 3 बजे से यातायात प्रभावित होने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, परिस्थितियों के आधार पर कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है।
संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, तिलक मार्ग, सिकंदरा रोड, रेल भवन, रफी मार्ग, ‘सी’ हेक्सागोन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, अशोक रोड और टॉल्सटॉय मार्ग शामिल हैं।
कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क बंद
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के मुताबिक, 16 और 17 अक्तूबर को पार्क में आम जनता को प्रवेश नहीं मिलेगा। परिषद ने इसके पीछे प्रशासनिक कारण बताए हैं। हालांकि, इस फैसले को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित तिरंगा मार्च से जोड़कर देखा जा रहा है। आम आदमी पार्टी भी मार्च का समर्थन कर रही है। ब्यूरो
प्रदर्शन पर रोक लगाने से हाई कोर्ट का इन्कार
दिल्ली हाई कोर्ट ने सीजेपी और उसके संस्थापक अभिजीत दिपके को 16 अक्तूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने से रोकने से इन्कार कर दिया है। हालांकि, अदालत ने पुलिस के इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ कनॉट प्लेस के एक विक्रेता की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ वकील ने कहा कि त्योहारों के मौसम में कनॉट प्लेस में प्रदर्शन होने से कारोबार प्रभावित हो सकता है।







