UP- वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित का है लखनऊ से सीधा संबंध, इस कॉलेज से पूरी की पढ़ाई, पिता रहे हैं शिक्षक

ऑपरेशन सिंदूर में भूमिका निभाने वाले लखनऊ के रहने वाले एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित अगले वायुसेना प्रमुख होंगे। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। दीक्षित अभी वायुसेना के वाइस चीफ हैं। उन्हें एक कुशल रणनीतिकार माना जाता है।

मंत्रालय ने बताया कि एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 29वें एयर चीफ ऑफ स्टाफ होंगे। उनकी नियुक्ति 31 अक्तूबर से प्रभावी होगी। एयर मार्शल दीक्षित वायुसेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल व परम विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजे जा चुके हैं। उन्हें मिराज-2000, मिग, जगुआर, तेजस, हॉक, आईएल-78, एएन-32, किरण, एचपीटी-32 और एवरो जैसे कई विमानों को उड़ाने का अनुभव है।

लखनऊ में पढ़े, डीएवी डिग्री कॉलेज में समाजशास्त्र के शिक्षक रहे पिता

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जड़ें लखनऊ से जुड़ी हैं। एनडीए में चयन से पहले उनकी शुरुआती शिक्षा-दीक्षा राजधानी में ही पूरी हुई। उनके पिता पीसी दीक्षित डीएवी डिग्री कॉलेज में समाजशास्त्र के अध्यापक रह चुके हैं। वर्ष 1999 में पिता के रिटायरमेंट के बाद परिवार कुछ दिनों तक चारबाग की बरहा कॉलोनी में रहा और बाद में वे साउथ सिटी स्थित छोटे बेटे अमिताभ दीक्षित (एलआईसी में सेवारत) के आवास पर रहने चले गए। दो साल पहले उनके पिता का निधन हो गया था। 

3500 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव

लगभग चार दशकों के करियर में एयर मार्शल आशुतोष ने वायुसेना में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने पश्चिमी सेक्टर में फ्रंटलाइन फाइटर एयर बेस और दक्षिणी सेक्टर में फाइटर ट्रेनिंग बेस की कमान संभालने के साथ-साथ डिप्टी चीफ ऑफ द एयर स्टाफ और सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्हें 20 से अधिक प्रकार के विमानों को उड़ाने और 3500 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है।

और पढ़े  UP में राज्यसभा चुनाव: BJP ने खरीदा नौंवा पर्चा, बढ़े सपा में सेंधमारी के आसार, अखिलेश के लिए है ये चुनौती
  • Related Posts

    अयोध्या- अयोध्या एयरपोर्ट को मिला अत्याधुनिक ARFF फायर टेंडर

      महार्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अयोध्याधाम की अग्निशमन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को और सुदृढ़ करते हुए अत्याधुनिक Airfield Rescue and Fire Fighting (ARFF) वाहन उपलब्ध कराया गया है। एयरपोर्ट…

    UP- बारिश और तेज हवाओं से बदला प्रदेश का मौसम, इन 64 जिलों में आज के लिए जारी हुई चेतावनी

    उत्तरप्रदेश में मंगलवार को माैसम का मिजाज बदल गया। तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं और कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हुई।…