प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर काशी और गुजरात के वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प बाइक यात्रा का समापन 7 अक्तूबर को होगा। वडनगर से आने वाले सेवा यात्रियों का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह काशी में स्वागत करेंगे। सेवा यात्री गुजरात की नदियों का जल साथ लेकर आएंगे। इससे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक होगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जाल्हूपुर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय का उद्घाटन भी कर सकते हैं। इसकी तैयारियां पहले से ही चल रही हैं। विश्वविद्यालय बनने के बाद जांच आसान हो जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर को काशी और वडनगर से एक साथ सेवा संकल्प बाइक यात्राएं रवाना हुई थीं। काशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 250 बाइक पर सवार 500 युवाओं की यात्रा को झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना किया था।
इसी दिन वडनगर से काशी के लिए निकलने वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में रवाना किया गया था। दोनों दिशाओं में चल रही यात्राएं करीब 20 दिन बाद 7 अक्तूबर को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
काशी से वडनगर जाने वाली यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1159 गांवों से होकर गुजरेगी। यात्रा में एक हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने की योजना है। रास्ते में स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण समेत 25 तरह की सेवा गतिविधियां की जा रही हैं।








