ममता की टीएमसी ने चुनाव आयोग को भेजे नए नाम-चिह्न: फैसले पर जताया विरोध

मता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने निर्वाचन आयोग के अंतरिम आदेश पर अपना जवाब भेज दिया है। ममता बनर्जी पार्टी की संस्थापक और अध्यक्ष हैं।

निर्वाचन आयोग ने छह अक्तूबर को होने वाले पश्चिम बंगाल के उपचुनावों के लिए अस्थायी तौर पर अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) नाम और उसके ‘फूल और घास’ चुनाव चिह्न को हटा दिया था।
पार्टी ने गुरुवार रात 11:36 बजे निर्वाचन आयोग को ईमेल किया। इसमें आगामी चुनाव के लिए नए नाम और चुनाव चिह्न के विकल्प भेजे गए। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने यह जवाब ‘कड़े विरोध के साथ’ दिया।
निर्वाचन आयोग ने क्या कहा था?
निर्वाचन आयोग ने गुरुवार रात अंतरिम आदेश जारी किया था। इसमें एआईटीसी को लेकर चल रहे विवाद में दोनों पक्षों को पार्टी का नाम और ‘फूल और घास’ चुनाव चिह्न इस्तेमाल करने से रोक दिया गया था। दोनों पक्षों से शुक्रवार सुबह तक अपने पसंदीदा नाम और चुनाव चिह्न बताने को कहा गया था।

आयोग ने कहा था कि प्रस्तावित नाम अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस से मिलता-जुलता हो सकता है। चुनाव चिह्न आयोग की ओर से स्वतंत्र उम्मीदवारों और पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के लिए जारी उपलब्ध चिह्नों की सूची में से लेना होगा। पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम सीटों पर उपचुनाव छह अक्तूबर को होने हैं।

आयोग ने कहा कि उसके पास चुनाव चिह्न (आरक्षण और आवंटन) आदेश, 1968 के पैराग्राफ 15 के तहत प्रक्रिया पूरी करने के लिए पर्याप्त समय नहीं है। हालांकि, आगामी उपचुनावों को देखते हुए पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर तुरंत व्यवस्था करना जरूरी था।

और पढ़े  वैश्विक स्तर पर दालें महंगी: भारतीय बाजारों पर बढ़ेगा दबाव, कम उपलब्धता से आने वाले दिनों में बढ़ सकते हैं दाम

आयोग ने कहा कि यह अंतरिम व्यवस्था खास तौर पर आगामी उपचुनावों के लिए की गई है। यह तब तक लागू रहेगी, जब तक पैराग्राफ 15 के तहत विवाद पर अंतिम फैसला नहीं हो जाता।

टीएमसी में कहां से शुरू हुआ विवाद?
आयोग का आदेश मई में विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के विधायक दल में शुरू हुई बगावत की पृष्ठभूमि में आया है। बाद में यह बगावत संसद तक पहुंच गई।

जून में 58 बागी विधायकों ने निष्कासित नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष चुन लिया। ममता खेमे ने सोवनदेव चट्टोपाध्याय को अपना उम्मीदवार बनाया था। विधानसभा अध्यक्ष ने ऋतब्रत को मान्यता भी दे दी। यह पार्टी के 28 साल के इतिहास में पहली बार हुआ, जब पार्टी दो हिस्सों में बंटी।

पांच दिन बाद बगावत संसद तक पहुंच गई। वरिष्ठ नेता काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में लोकसभा के 20 सांसद एक कम चर्चित दल एनसीपीआई के साथ चले गए। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा। इसमें भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए को ‘अलग गुट’ के तौर पर समर्थन देने की बात कही गई। इससे पार्टी के संसदीय दल में दरार और गहरी हो गई।

यह कदम ममता बनर्जी के लिए झटका माना जा रहा है। पार्टी के गठन के बाद से ही उनका हाथ से बनाया हुआ चुनाव चिह्न टीएमसी की राजनीतिक यात्रा का अहम हिस्सा रहा है। कांग्रेस से अलग होकर 1998 में तृणमूल कांग्रेस की स्थापना की गई थी। इसके बाद ‘फूल और घास’ का चुनाव चिह्न पिछले 28 वर्षों से पार्टी की जमीनी पहचान का एक मजबूत प्रतीक रहा है।
  • Related Posts

    2026 डूसू चुनाव- सू चुनाव के लिए मतदान जारी, कड़ी सुरक्षा,डेढ़ लाख छात्र कर रहे मतदान

    दिल्ली विश्वविद्यालय के मॉर्निंग कॉलेजों में सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। नॉर्थ कैंपस में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जवानों को सभी कॉलेजों में तैनात किया…

    जापान में 31 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचीं ब्याज दरें: बीओजे ने 0.25% बढ़ाया पॉलिसी रेट, जानें इसके क्या मायने

    एक बड़ा निर्णय लेते हुए जापान के केंद्रीय बैंक ‘बैंक ऑफ जापान’ (बीओजे) ने अपनी बेंचमार्क नीतिगत ब्याज दर में 25 बेसिस पॉइंट्स (0.25%) की बढ़ोतरी कर इसे 1.25% कर…