प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनकी लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। इस विशेष अवसर पर कई प्रमुख हस्तियां वाराणसी पहुंचीं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत दिग्गजों ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से पूजन किए। पूजन कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उपस्थित रहे।

सभी नेताओं ने मिलकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना की। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में आयोजित यह कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। पूजन के बाद सभी नेताओं ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परिसर का दौरा किया। उन्होंने वहां स्वच्छता प्रहरियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इन प्रहरियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

इसके अतिरिक्त, उपस्थित सभी दिग्गजों ने श्रद्धालुओं और आम जनता के बीच केक काटा और लोगों में वितरित भी किया। यह आयोजन प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान और जनसेवा के भाव को दर्शाता है। इस दौरान डमरू वादन भी किया गया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मनाना खुशी और गर्व की बात है। देश को प्रधानमंत्री मोदी पर गर्व है और उन्होंने देश को बहुत गौरव दिलाया है। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनेगा।









