हल्द्वानी में आज भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही है। बैठक की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी,सभी जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहरण किया। दोपहर तीन बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पहुंचे। इस दौरान बाबा नीम मरौली महाराज की तस्वीर देकर उनका स्वागत किया गया। शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम 7 बजे कोर कमेटी की बैठक में नितिन नवीन शामिल होंगे।
नैनीताल बीजेपी के ज़िला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि आज पूरे नैनीताल ज़िले में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बहुत खुशी का माहौल है। यह एक ऐतिहासिक पल है क्योंकि उन्हें अपने युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष को देखने और सुनने का मौका मिल रहा है। उनके नैनीताल दौरे ने पूरे उत्तराखंड राज्य में एक खास ऊर्जा भर दी है, और मैं ज़िले के कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह देख रहा हूँ। हम अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का बहुत गर्मजोशी और दिल से स्वागत करते हैं… लोग जश्न मनाने और उनका स्वागत करने के लिए कई जगहों पर बड़ी संख्या में इकट्ठा हो रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन बोले- कांग्रेस की बांटने की राजनीति नहीं चलेगी, देवभूमि से पीएम मोदी को ताकत मिलती है
हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देवभूमि से पीएम मोदी को 140 करोड़ देशवासियों की सेवा की ताकत मिलती है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और बंटवारे की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि खरगे साहब की बांटने की राजनीति यहां नहीं चलेगी। नितिन नवीन ने सीएम धामी को UCC, महिला आरक्षण और शहीद आश्रितों को आरक्षण जैसे फैसलों पर बधाई दी। साथ ही कहा कि भाजपा संत रविदास के नाम पर यात्रा निकालेगी और सनातन की रक्षा करेगी।







