ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली में व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनडीएमसी ने पूरे तंत्र को 24 घंटे निगरानी मोड में डाल दिया है। 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन को देखते हुए पालिका केंद्र स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) 14 सितंबर तक चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। रात में भी एनडीएमसी के प्रमुख विभागों का एक-एक नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम में मौजूद रहेगा। समस्या सामने आते ही संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। असबत्ता समन्वय एक बड़ी चुनौती रहेगी।
ब्रिक्स सम्मेलन के लिए नई दिल्ली को चमकाने-संवारने का काम भी तेज कर दिया गया है। एनडीएमसी क्षेत्र में 17 प्रमुख गोलचक्करों पर सजावटी रोशनी लगाई जा रही है। पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, लोक कल्याण, मान सिंह और प्रधानमंत्री गोलचक्कर समेत प्रमुख स्थानों को रोशन किया जाएगा। 11 बड़े होटलों और 10 एनडीएमसी भवनों पर भी सजावटी रोशनी होगी। यह काम नौ सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। राजधानी के प्रमुख मार्गों और स्थानों पर एनडीएमसी की नर्सरियों में तैयार 15 हजार से अधिक गमले लगाए जा रहे हैं। 15 स्थानों पर फूलों से सजे बोर्ड और नौ जगह फूलों के फव्वारे लगाए जाएंगे।
सम्मेलन मार्गों से जुड़ी 41 प्रमुख सड़कों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इनमें 32 सड़कों पर रंग-रोगन का काम पूरा हो चुका है। रात में सात मशीनों से यांत्रिक सफाई और 10 दबावयुक्त जल मशीनों से सड़कों की धुलाई होगी। जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर नालों की गाद निकासी पूरी कर ली गई है और संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं। सम्मेलन की ब्रांडिंग के लिए 309 स्थानों को सजाया गया है। इनमें 154 डिजिटल स्क्रीन, 83 प्रचार पट्ट और 72 बस प्रतीक्षालय शामिल हैं।
चिड़ियाघर तीन दिन रहेगा बंद
ब्रिक्स सम्मेलन के चलते राष्ट्रीय प्राणी उद्यान 11 से 13 सितंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। प्रशासन ने तीन सितंबर को जारी आदेश में टिकट बुकिंग भी इन तारीखों के लिए बंद रखने को कहा है। हालांकि पशुओं की देखभाल और प्रबंधन से जुड़ी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। 14 सितंबर से चिड़ियाघर फिर खोले जाने की उम्मीद है।
ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों के तहत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस शनिवार को मोटर कारकेड की रिहर्सल करेगी। इसके मद्देनजर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से यात्रा की पहले से योजना बनाने और गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है। लोगों को सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वाहन चालक निर्धारित डायवर्जन मार्गों और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा।








