मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने जमुई जिले के चंद्रदीप थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर कुंदन कृष्णा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का दावा है कि फेसबुक के जरिए दारोगा से उसकी दोस्ती हुई, दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और इसके बाद दारोगा ने मंदिर में उससे शादी की। युवती के अनुसार, शादी के बाद करीब सात महीने तक आरोपी उसे अलग-अलग होटलों और अन्य स्थानों पर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसे साथ रखने से इनकार कर दिया गया।
महिला आयोग के संज्ञान और हस्तक्षेप के बाद मुंगेर महिला थाना में आरोपी दारोगा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक के जरिए हुई थी पहचान
पीड़िता के अनुसार, फरवरी 2026 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान कुंदन कृष्णा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन और वाट्सऐप कॉल पर बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
युवती का आरोप है कि 13 फरवरी को कुंदन ने उसे मुंगेर के पीर पहाड़ बुलाया। वहां उसकी मांग में सिंदूर डालकर शादी की। इसके बाद दोनों चंडिका स्थान पहुंचे, जहां भी शादी की गई। युवती का दावा है कि मंदिर में हुई शादी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई होगी।
अलग-अलग होटलों में ले जाने का आरोप
युवती के अनुसार, शादी के बाद दारोगा उसे मुंगेर और बेगूसराय के अलग-अलग होटलों में लेकर गया। उसने आरोप लगाया कि जमालपुर के विनायक होटल में 6 मई और 13 जून तथा बेगूसराय के राधा स्वामी होटल में 5 जुलाई को उसे ले जाया गया और वहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। पीड़िता ने दावा किया है कि इन घटनाओं से संबंधित होटल के रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज में सबूत मौजूद हैं।
पार्लर खोलने के लिए दिए थे 15 हजार रुपये
युवती ने बताया कि आरोपी ने उसे पार्लर खोलने के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद भी की थी। इसके अलावा वट सावित्री व्रत के मौके पर उसे पैसे और साड़ी भी दी थी। युवती के अनुसार, जब भी वह आरोपी से अपने साथ रहने की बात करती थी तो वह अपने बड़े भाई की शादी होने के बाद उसे साथ रखने की बात कहकर टाल देता था।
पांच लाख रुपये लेकर लौट जाने को कहा
महिला का आरोप है कि 10 जुलाई को उसने आरोपी से साथ रखने की बात को लेकर जिद की। इसके बाद आरोपी ने उसे जमुई बस स्टैंड के पास बुलाया और किराए के मकान में ले गया। युवती ने वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।
युवती के अनुसार, अगले दिन 11 जुलाई को आरोपी ने उसे पांच लाख रुपये लेकर मुंगेर वापस चले जाने को कहा। साथ ही उसने दूसरी जगह शादी तय होने की बात भी कही। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे चंद्रदीप थाना ले जाया गया। वहां उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने पुलिस अधिकारी होने का धौंस दिखाया।
महिला आयोग से लगाई न्याय की गुहार
पीड़िता का कहना है कि उसने मामले को लेकर चंद्रदीप थाना, जमुई महिला थाना और एसपी से शिकायत की, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। इसके बाद उसने महिला आयोग और पटना पुलिस मुख्यालय को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। महिला आयोग के हस्तक्षेप और मुंगेर एसपी को दिए गए आवेदन के बाद बुधवार को मुंगेर महिला थाना में आरोपी दारोगा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मुंगेर महिला थानाध्यक्ष कृति कुमारी ने बताया कि एसपी के आदेश पर महिला के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि यदि मामले में मुंगेर में केस दर्ज हुआ है और प्रकरण उनके पास आता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







