बस दुष्कर्म केस: राहुल गांधी ने सरकार से पूछा- नाकामी पर कब तक डालेंगे पर्दा? दिल्ली-UP पुलिस पर भी उठाए सवाल

दिल्ली-एनसीआर में स्लीपर बस के अंदर नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि कई किलोमीटर की यात्रा के दौरान बस किसी भी चेकपॉइंट पर क्यों नहीं रोकी गई।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ग्रेटर नोएडा से दिल्ली तक बस ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, दिल्ली की रिंग रोड और सीमा क्षेत्र पार किया, लेकिन कहीं भी उसकी जांच नहीं हुई। 

राहुल गांधी ने बस के पर्दों को लेकर क्या सवाल उठाया?

कांग्रेस नेता ने कहा कि स्लीपर बस की सीटों के चारों ओर पर्दे लगे होने के कारण अंदर क्या हो रहा था, यह बाहर से दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने सवाल किया कि 2012 के निर्भया कांड के बाद भी स्लीपर बसों की निगरानी और जांच से जुड़े नियमों का पालन क्यों नहीं हो रहा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बस के पर्दे केवल उस घटना को छिपाने तक सीमित नहीं थे, बल्कि यह प्रशासन की कथित नाकामियों पर सरकार द्वारा पर्दा डालने का प्रतीक भी हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठाए।

 

राहुल गांधी ने दिल्ली और यूपी पुलिस पर क्या कहा?

राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि इस मामले में दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की जवाबदेही तय होगी या नहीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था में सुधार जरूरी है। उन्होंने केंद्र और दोनों राज्यों की सरकारों से जवाबदेही तय करने और स्लीपर बसों की जांच व निगरानी से जुड़े नियमों को प्रभावी तरीके से लागू करने की मांग की।

NHRC ने भी लिया मामले का संज्ञान

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं। वहीं, पुलिस की जांच फिलहाल जारी है। राहुल गांधी ने इस घटना को महिलाओं की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी से जोड़ते हुए सरकारों से जवाबदेही तय करने का सवाल उठाया है।

और पढ़े  9/11 आतंकी हमला: मास्टरमाइंड के खिलाफ अमेरिका में कब से चलेगा मुकदमा? क्यूबा जेल में बंद है खालिद शेख मोहम्मद

16 वर्षीय लड़की ने क्या आरोप लगाया?

पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय लड़की उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से नोएडा में अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। 4 अगस्त की रात वह भारी बारिश और अंधेरे के बीच ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास स्लीपर बस में सवार हुई थी। लड़की ने आरोप लगाया कि बस में यात्रा के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस के अनुसार, घटना परी चौक से नोएडा के सेक्टर-63 के बीच हुई। आरोप है कि बाद में लड़की को दिल्ली के कश्मीरी गेट क्षेत्र के पास छोड़ दिया गया।

 

दिल्ली पुलिस ने कैसे पकड़े दोनों आरोपी?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, लड़की कश्मीरी गेट आईएसबीटी थाने पहुंची, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बस को ट्रेस किया। पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। स्लीपर बस को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया था। समिति के निर्देश के बाद उसे उसके पिता को सौंप दिया गया।

  • Related Posts

    एससीओ समिट 2026- भारत की बात मजबूती से रख PM मोदी बिश्केक से रवाना, 26वें शिखर सम्मेलन में लिया हिस्सा

    एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर अभिवादन किया। वहीं, सम्मेलन में पीएम मोदी आज दुनिया को…

    रेस्तरां में खाना और हवाई सफर हुआ महंगा: कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर के बढ़े दाम, कांग्रेस ने PM मोदी पर कसा तंज

    कांग्रेस ने कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “जनता पर ‘महंगाई मैन’ मोदी का…