मल्लीताल भोटिया मार्केट की दुकान से मोबाइल फोन ले जाने वाले दिल्ली के पर्यटक उल्टा होटल कर्मी पर चोरी का आरोप लगाकर कोतवाली पहुंच गए। पुलिस के सामने दुकान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो पूरा मामला साफ हो गया। इसके बाद पर्यटकों के तेवर ढीले पड़ गए। बाद में फोन लौटाए जाने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
भोटिया मार्केट निवासी सलमान खान की दुकान पर दोपहर करीब एक बजे कुछ महिला पर्यटक खरीदारी करने पहुंचीं। कुछ देर बाद उनके जाने पर सलमान को चार्जिंग पर लगा मोबाइल फोन गायब मिला। उन्होंने फोन पर कई बार कॉल की। करीब आधे घंटे बाद कॉल उठी तो सामने वाले ने खुद को मल्लीताल बाजार स्थित एक होमस्टे का कर्मचारी बताया। कर्मचारी ने बताया कि फोन दिल्ली से आए पर्यटकों के कमरे में है। चेकआउट के बाद भी कमरा खाली नहीं होने पर वह सफाई करने पहुंचा था, जहां फोन मिला। इसी बीच पर्यटक होटल लौट आए। कमरे से फोन बरामद होने पर उन्होंने होटल कर्मी पर ही बिना अनुमति कमरा खोलने और फोन ले जाने का आरोप लगा दिया और हंगामा करते हुए कोतवाली पहुंच गए। पुलिस के सामने दुकान स्वामी ने सीसीटीवी फुटेज दिखाया। फुटेज में पर्यटकों के दुकान से जाने के बाद फोन गायब होने की बात सामने आई। एसआई आशा बिष्ट ने बताया कि फोन दुकान स्वामी को लौटा दिया गया है। कार्रवाई नहीं चाहने पर दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया।






