अयोध्या- हनुमानगढ़ी के संतों ने अखिलेश यादव का मनाया जन्मदिन, रामनाम और प्रसाद भेंट कर दिया आशीर्वाद, बोले— 2027 में फिर संभालें प्रदेश की बागडोर

 

 

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोह उस समय विशेष बन गया, जब रामनगरी अयोध्या के संतों का एक प्रतिनिधिमंडल उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचा। अयोध्या के सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी के महंत मनीराम दास जी के नेतृत्व में पहुंचे संतों ने अखिलेश यादव को रामनाम, हनुमानगढ़ी का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट कर जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान महंत मनीराम दास और अन्य संतों ने अखिलेश यादव के साथ जन्मदिन का केक काटा। पूरे समारोह में आध्यात्मिक और आत्मीय वातावरण देखने को मिला। संतों ने भगवान श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी से अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर संतों ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “हनुमान जी महाराज की कृपा अखिलेश यादव पर सदैव बनी रहे और वर्ष 2027 में वे पुनः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करें।” संतों ने इसे अपनी शुभकामना और आशीर्वाद बताते हुए कहा कि प्रदेश में शांति, सद्भाव और विकास का वातावरण बना रहे।
महंत मनीराम दास ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण की प्रार्थना का भी अवसर होता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और हनुमान जी की कृपा से सभी जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरें और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।
समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। संतों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महंत मनीराम दास जी के साथ रमेश दास, निलेश दास, राहुल दास सहित अयोध्या के कई संत मौजूद रहे। जन्मदिन समारोह के बाद संतों का प्रतिनिधिमंडल पुनः रामनगरी अयोध्या के लिए रवाना हो गया।

और पढ़े  UP- वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित का है लखनऊ से सीधा संबंध, इस कॉलेज से पूरी की पढ़ाई, पिता रहे हैं शिक्षक
  • Related Posts

    बरेली: गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश कासिम खां मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली, साथी भी गिरफ्तार

    बरेली के फरीदपुर कस्बे में बीसलपुर रोड पर साठा पुलिया के पास बृहस्पतिवार सुबह पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंगस्टर…

    अयोध्या- सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे BJP प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े

        भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता करेंगे। यात्रा में…