Post Views: 38,572
अगले कुछ दिनों में खालिस्तानी आतंकवादियों के संभावित आतंकी हमले का इनपुट मिलने पर दिल्ली और उत्तराखंड में हाई अलर्ट जारी किया है। अलर्ट में चेताया गया है कि खालिस्तानी आतंकी उत्तराखंड और दिल्ली के प्रमुख मंदिरों को निशाना बना सकते हैं।
धार्मिक स्थलों के अलावा, सरकारी संस्थानों, रेलवे स्टेशनों और पुलिस प्रतिष्ठानों को भी संभावित लक्ष्यों के रूप में चिह्नित किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह अलर्ट अधिकारियों को एक संदिग्ध ईमेल मिलने के बाद जारी किया गया।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक मेल में कई मंदिरों, सरकारी कार्यालयों और राजनीतिक नेताओं का संभावित लक्ष्यों के रूप में जिक्र है। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की सामग्री को गंभीरता से ले रही हैं। मंदिर, रेलवे स्टेशन, सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई।
हालांकि इस बारे में आला अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। खुफिया सूत्रों के अनुसार कथित ईमेल में कई संवेदनशील स्थानों का जिक्र किया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सतर्कता
- दिल्ली पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों, मेट्रो स्टेशनों और संवेदनशील सरकारी प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है
- पुलिस, सुरक्षाबलों वाहनों की गहन जांच में जुटे हैं। आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुटी हुई हैं
- संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और संघन तलाशी शुरू कर दी गई