थाईलैंड घूमने गए 5 भारतीयों में से चार अचानक हुए बेहोश, एक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

थाईलैंड के फुकेट से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां घूमने गए चार भारतीय नागरिक एक कैफे में भोजन के दौरान अचानक बेहोश हो गए। इस रहस्यमयी घटना में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि की है और आवश्यक जानकारी साझा की है।

 

भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, दूतावास थाई अधिकारियों के संपर्क में है और उस घटना पर करीब से नजर रख रहा है, जिसमें 9 मई 2026 को फुकेट में चार भारतीय पर्यटक बेहोश हो गए थे और बाद में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

दूतावास ने कहा कि उनमें से एक युवा भारतीय पर्यटक की मौत पर हमारी गहरी संवेदनाएं। दूतावास के अधिकारी इस दुख की घड़ी में हर तरह की मदद देने के लिए मृतक के परिवार के संपर्क में हैं। हम संबंधित थाई अधिकारियों के संपर्क में हैं, जो इस घटना की जांच कर रहे हैं और दूसरों की स्वास्थ्य की स्थिति पर भी नजर रख रहे हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में क्या कहा गया?
बैंकॉक पोस्ट के अनुसार, पुलिस ने पुष्टि की है कि शनिवार सुबह फुकेट के एक कैफे में रहस्यमय तरीके से बेहोश होने के बाद 26 साल के एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई और तीन अन्य अभी भी अस्पताल में हैं।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना कथू जिले के कमला बीच इलाके में हुई। एक मशहूर कैफे में चार विदेशी पर्यटकों के बेहोश होने के बाद उन्हें मदद के लिए बुलाया गया। तीन को पटोंग अस्पताल और एक को थालांग अस्पताल ले जाया गया।

और पढ़े  एफ-35 के 10 लाख पुर्जे गायब: 797 करोड़ की चपत, जीएओ रिपोर्ट ने खोली पेंटागन की पोल

पीड़ित कौन-कौन हैं?
मामले की जांच कर रही पुलिस ने दोनों अस्पतालों में जाकर पीड़ितों का बयान दर्ज करने की कोशिश की। हालांकि, तीनों युवक बयान नहीं दे पा रहे थे। कैफे के सुरक्षाकर्मियों ने जांच करने वालों को बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे पांच भारतीय आदमी एक साथ कैफे में आए थे। उनकी पहचान कुशाग्र अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, राहुल अग्रवाल नाम का एक और आदमी, अमन अग्रवाल और आर्यन वर्मा के तौर पर हुई।

सुबह करीब 1.54 बजे समूह के चार सदस्य एक-एक करके बेहोश हो गए। कैफे के कर्मचारियों ने तुरंत आपात सेवा को बुलाया और उन सभी को अस्पताल ले जाया गया। पांचवें व्यक्ति आर्यन वर्मा में कोई लक्षण नहीं दिखे।

पटोंग अस्पताल ने बाद में बताया कि दो व्यक्ति कुशाग्र अग्रवाल और राहुल अग्रवाल कोमा में थे और उन्हें आगे के इलाज के लिए वचिरा फुकेट अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

एक की मौत, तीन मरीजों की हालत स्थिर
शनिवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस को बताया गया कि कुशाग्र अग्रवाल की मौत हो गई है। बाकी तीन मरीजों की हालत स्थिर बताई गई है। थाई अधिकारियों ने भारतीय दूतावास को सूचित कर दिया है और मौत का कारण पता लगाने के लिए विस्तृत पोस्टमॉर्टम जांच करने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ काम कर रहे हैं।

  • Related Posts

    न्यूयॉर्क में सुनीता विलियम्स का खास सम्मान: बनीं ग्रैंड मार्शल, 20 हजार लोगों की परेड का किया नेतृत्व

    भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को ‘पूर्व सैनिक दिवस’ परेड के दौरान ‘ग्रैंड मार्शल’ के रूप में सम्मानित किया गया। यह परेड पूर्व सैन्य कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए…

    अबू धाबी में यूएफसी स्टार पर हमला, होटल लॉबी में 12 लोगों ने घेरकर पीटा, खून से लथपथ हुआ चेहरा

    पूर्व यूएफसी बेंटमवेट चैंपियन मराब ड्वालिश्विली पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में हमला हुआ है। इस घटना में मराब का चेहरा खून से लथपथ हो गया। हमले…