भारत में होने वाले टी20 विश्व कप 2026 को लेकर बांग्लादेश की भागीदारी पर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। स्थिति इतनी उलझ चुकी है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC), बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, किसी की ओर से भी समझौते के आसार नहीं दिख रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी ने बीसीबी को अपना अंतिम फैसला 21 जनवरी तक बताने को कहा था। ऐसे में आज यह तय होना महत्वपूर्ण हो गया है कि बांग्लादेश भारत में विश्व कप खेलेगा या नहीं।
मुद्दे की जड़: मुस्तफिजुर-IPL विवाद से उपजा तनाव
- इस विवाद की शुरुआत मुंबई इंडियंस द्वारा बांग्लादेश के स्टार पेसर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से रिलीज करने के बाद हुई। इसके बाद सुरक्षा और टीम माहौल को लेकर बांग्लादेश में नए स्वर उभरे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत यात्रा पर सुरक्षा आशंका जताते हुए कहा कि टीम को श्रीलंका में खेलना चाहिए। उनकी मांग यह थी कि बांग्लादेश को ग्रुप सी से हटाकर ग्रुप बी में भेजा जाए, क्योंकि ग्रुप बी के मैच श्रीलंका में खेले जा रहे हैं।
- मौजूदा शेड्यूल में बांग्लादेश अपने लीग मुकाबले कोलकाता और मुंबई में खेलेगा। बांग्लादेश टीम का पहला मुकाबला सात फरवरी को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा। इसके बाद टीम अपने दो और ग्रुप मैच कोलकाता में खेलेगी और अंतिम मैच मुंबई में होगा।
- इस बीच, बोर्ड अधिकारियों के बयान भी विवाद में घी डालने जैसे साबित हुए। नजरुल इस्लाम ने इस मामले पर अपने ही खिलाड़ियों को घेर लिया, जिससे वहां के खिलाड़ी नाराज हो गए और अपने ही बोर्ड के खिलाफ बगावत शुरू कर दी।
- हालांकि, बीसीबी के हस्तक्षेप के बाद और नजरुल के एक पद से इस्तीफे के बाद मामला कुछ शांत हुआ। हालांकि, बीसीबी की अकड़ नहीं गई और वह अभी भी अपनी मांग पर अड़ा हुआ है। नतीजतन, मीडिया में अटकलों का सिलसिला और तेज हो गया।









