बांग्लादेश: एक और हिंदू पर हमला- धारदार हथियार से वार, फिर जिंदा जलाने की कोशिश, तालाब में कूद बचाई जान

 

 

बांग्लादेश के शरियतपुर जिले के दामुद्या इलाके में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बाजार बंद कर घर लौट रहे एक कारोबारी पर बदमाशों ने हमला कर दिया। पहले बेरहमी से पिटाई की गई, फिर धारदार हथियार से वार किया गया और आखिर में शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर हालत में कारोबारी को ढाका रेफर किया गया है

घायल कारोबारी की पहचान 50 वर्षीय खोकन चंद्र दास के रूप में हुई है। वह केनश्वर यूनियन के केउरभंगा बाजार में दवा और मोबाइल बैंकिंग का कारोबार करते हैं। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर वह दिन की कमाई लेकर सीएनजी ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दामुद्या-शरियतपुर रोड पर केउरभंगा बाजार के पास बदमाशों ने ऑटो रुकवाया और उन पर हमला कर दिया।

 

घर लौटते समय रोका ऑटो, फिर किया हमला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने पहले खोकन चंद्र दास की पिटाई की। इसके बाद उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यहीं नहीं रुके हमलावर, बल्कि उन्होंने खोकन के सिर पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तालाब में कूदकर बचाई जान
जान बचाने के लिए खोकन चंद्र दास सड़क किनारे स्थित एक तालाब में कूद गए। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और रात करीब 10 बजे शरियतपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें उसी रात ढाका भेज दिया गया।

और पढ़े  गन्ने वाले इथेनॉल पेट्रोल में मिलाने पर रोक: मक्का, टूटे चावल पर भी निर्णय, केंद्र सरकार के नए फैसले में क्या?

पत्नी का आरोप: पहचान छिपाने के लिए जलाया
घायल की पत्नी सीमा दास ने बताया कि उनके पति रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके पति ने दो हमलावरों को पहचान लिया था, इसी वजह से बदमाशों ने उनकी हत्या की नीयत से पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं है और किसी तरह का कोई विवाद भी नहीं था, फिर भी इस तरह का हमला क्यों हुआ, यह समझ से बाहर है।

डॉक्टरों की रिपोर्ट: पेट में गंभीर चोट
शरियतपुर सदर अस्पताल के डॉक्टर नज़रुल इस्लाम ने बताया कि खोकन चंद्र दास के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं। पेट में गंभीर चोट है, जिसकी वजह से उन्हें ढाका रेफर किया गया। इसके अलावा उनके चेहरे, सिर के पिछले हिस्से और हाथों पर जलने के निशान भी पाए गए हैं।

पुलिस जांच में जुटी, दो आरोपी चिन्हित
दामुद्या थाने के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद रबीउल हक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में दो आरोपियों की पहचान की गई है, जिनके नाम रब्बी और सोहाग बताए गए हैं। दोनों स्थानीय निवासी हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था।

  • Related Posts

    एशियन पैरा गेम्स का समापन: मोना और निषाद ने लहराया तिरंगा, भारत के रिकॉर्ड प्रदर्शन पर राष्ट्रपति ने दी बधाई

    जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह के साथ ही एक सप्ताह…

    ईरान के निशाने पर अमेरिकी राजनयिक: खुफिया रिपोर्ट में जारी की गई चेतावनी, क्या पश्चिम एशिया में बढ़ेगा टकराव?

    अमेरिकी खुफिया विभाग की एक नई रिपोर्ट में पता चला है कि ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी राजनयिकों और अधिकारियों को निशाना बनाने की अपनी कोशिशों को काफी बढ़ा…