बांग्लादेशी युवक ममून हसन (28) ने फेसबुक के जरिये त्यूणी में रहने वाली रीना चौहान से दोस्ती की। इसके बाद टूरिस्ट वीजा पर बार-बार देहरादून आकर प्रेम को परवान चढ़ाया। फिर रीना को अवैध रूप से बांग्लादेश ले जाकर निकाह रचा लिया।
बाद दोनों बार-बार अवैध तरीके से बॉर्डर पार कर बांग्लादेश और देहरादून आते-जाते रहे। हैरत की बात यह भी है कि देहरादून में ममून ने फर्जी आधार कार्ड से अपना नाम सचिन चौहान रख लिया और उसके सहारे शहर के एक क्लब में बाउंसर की नौकरी भी करने लगा। पति-पत्नी दून में अलग-अलग जगहों पर किराये पर रह रहे थे। ये अलग बात है कि दून पुलिस को उनकी भनक लग गई। बृहस्पतिवार रात दोनों को गिरफ्तार कर उनकी कारगुजारियों का पर्दाफाश कर दिया।







