आठ साल तक घर में बच्चे की किलकारी गूंजने का इंतजार किया। फिर मन्नतों के बाद बेटी ने जन्म लिया तो माता-पिता की दुनिया ही बदल गई। वह उनके लिए सिर्फ बेटी नहीं, बल्कि बरसों की दुआओं का फल थी। उसकी एक मुस्कान से घर खिल उठता था।
पिता अपनी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं होने के बावजूद उसे इलाके के अच्छे स्कूल में पढ़ा रहे थे तो मां ने भी उसके बेहतर भविष्य के लिए अपने सपनों को पीछे छोड़ दिया। शादी के बाद बीएड करने वाली मां कभी शिक्षिका बनना चाहती थीं, लेकिन बेटी के जन्म के बाद उन्होंने अपना कॅरिअर छोड़कर उसकी परवरिश को ही अपनी जिंदगी बना लिया।
उन्हें क्या पता था कि जिस बेटी के लिए उन्होंने अपने सारे सपने कुर्बान कर दिए वह एक दिन इस तरह हमेशा के लिए उनसे दूर हो जाएगी। दिल्ली के मयूर विहार स्थित स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ साल की बच्ची की मौत ने खुशियां छीन लीं। पिता मौलाना आजाद अस्पताल में एंबुलेंस चलाते हैं और शाम को जिम में ट्रेनिंग देते हैं। बेटी की पढ़ाई, उसकी पसंद और उसकी खुशियां ही दुनिया थी।
पिता के साथ जिम जाना और चाचा के साथ बैडमिंटन खेलना था पसंद

थाने में बेटी को याद कर रोती रही मां हुई बेसुध
तीसरी कक्षा में पढ़ती थी छात्रा

बाद में वह स्कूल स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें बेटी की मौत की जानकारी मिली। स्कूल के शिक्षकों ने परिवार को बताया कि सुबह करीब 8:30 से 9:10 बजे तक स्कूल में पीटी पीरियड था। पीरियड समाप्त होने के बाद सभी बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में लौट आए।
छात्रा भी कक्षा में आकर खड़ी हो गई। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि उसने दोनों हाथ कमर पर रखे और अचानक मुंह के बल फर्श पर गिर गई। गिरने से उसकी ठोड़ी पर भी चोट लगी। घटना की जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने स्कूल पहुंचकर पड़ताल की।

पुलिस ने स्कूल का सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना सीसीटीवी में कैद
छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है और यह फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।








