कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों ने जान गंवाई है। 25 लोग घायल भी हुए हैं। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने भगदड़ की जांच के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति, पीएम मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हताहतों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताई हैं।
कोलकाता के बऊबाजार इलाके के कुछ हिस्सों में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू
कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय नंद ने शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए बऊबाजार इलाके के कुछ हिस्सों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश 18 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक तीन दिनों के लिए प्रभावी रहेगा। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह एकत्र होने, लाठी या किसी भी खतरनाक हथियार को लेकर चलने और सार्वजनिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
घायलों से मिलने अस्पताल जाएंगे गृह मंत्री शाह और सीएम शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ रविवार सुबह दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल हुए लोगों से मिलने जाएंगे। अधिकारी ने बताया कि इस दुखद हादसे को देखते हुए राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा उत्सव से जुड़े सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों से इस घटना पर राजनीति न करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि मृतकों के परिजनों ने सरकार पर अपना भरोसा जताया है।
उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री ने भी भगदड़ में जनहानि पर शोक जताया
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भगदड़ में जनहानि पर शोक जताया। उपराष्ट्रपति ने मृतकों के परिजनों के लिए संबल और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस हादसे की खबर सुनकर उनका मन व्यथित है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।







