प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हल्द्वानी पहुंचे हैं। उन्होंने यहां 17547 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। पीएम की जनसभा को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए आसमान से लेकर जमीन तक सुरक्षा की निगहबानी की जा रही है। जनसभा स्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मंच सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए एसपीजी के 50 कमांडो ने मोर्चा संभाला है।
छतों और घरों पर पुलिस का पहरा
डीजीपी अशोक कुमार की देखरेख में प्रधानमंत्री जनसभा के लिए 13 पुलिस अधीक्षक, 10 एएसपी, 30 डिप्टी एसपी, 58 निरीक्षक, 278 उपनिरीक्षक, 25 महिला उपनिरीक्षक, 35 हेड कांस्टेबल, 800 सिपाही, 30 महिला सिपाही, ट्रैफिक के 30 सिपाही, आठ कंपनी दो प्लाटून पीएसी सुरक्षा ड्यूटी में लगाई गई है। सड़कों पर सिर्फ फोर्स की फोर्स नजर आ रही है। मैदान के इर्द गिर्द छतों और घरों पर पुलिस का पहरा लगाया गया है।
छतों पर अत्याधुनिक असलहों और दूरबीन से लैस जवान तैनात किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वीआईपी एमबी इंटर कालेज गेट के सामने से प्रवेश करेंगे। कुल्यालपुरा तिराहा से एमबी इंटर कालेज की तरफ जाने वाले मार्ग को वीवीआईपी बनाया गया है। आम जनता इस मार्ग से प्रवेश नहीं करेगी। आम लोग डिग्री कालेज के बगल के रास्ते से प्रवेश करेंगे।
पुलिस ने एमबी इंटर कालेज के रास्ते में पड़ने वाली दुकानों को बंद कर उन पर सफेद पर्दा लगा दिया है। इसी प्रकार एयरोड्रम रोड पर दुकानें बंद करा दी गई हैं। इन दुकानों पर भी पर्दा लगाया गया है।
सोशल मीडिया पर नजर
पुलिस तीन दिनों से सोशल मीडिया की भी निगरानी कर रही है। किसी की टिप्पणी देखने के बाद पुलिस तत्काल उसे पूछताछ के लिए बुला रही है।








