महिला टी20 विश्व कप 2026- दीप्ति शर्मा के ‘पंजे’ से पाकिस्तान चित: 106 रनों पर ऑलआउट हुई टीम, महिला टी20 विश्वकप में भारत का विजयी आगाज

स्मृति मंधाना की तूफानी बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा-श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप-1 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं, शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली। भारत ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।

 

मंधाना-हरमनप्रीत ने संभाली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को तेज शुरुआत मिली। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन वह छह रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और भारत ने 18 रन तक दो विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए।मंधाना के आउट होने के बाद भारती फुलमाली भी जल्दी पवेलियन लौट गईं, लेकिन अंतिम ओवरों में ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने तेजी से रन बटोरते हुए स्कोर को 170 तक पहुंचाया। ऋचा घोष ने मात्र 17 गेंदों पर 34 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। दीप्ति शर्मा नौ गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने दो-दो विकेट लिए।

और पढ़े  चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट
171 रन के लक्ष्य के सामने बिखरा पाकिस्तान
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ मुनीबा अली ही संघर्ष कर सकीं। उन्होंने 35 गेंदों पर 41 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। पूरी पाकिस्तानी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
दीप्ति का पंजा, चरणी का भी कमाल
भारतीय गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने करियर की यादगार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर पांच विकेट झटके। उनके अलावा श्री चरणी ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए। शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली। दीप्ति की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।
पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में भारत का सबसे बड़ा स्कोर
भारत का 170/6 का स्कोर महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। यह विश्व कप इतिहास में भारतीय महिला टीम का तीसरा सर्वोच्च स्कोर भी है। भारत इससे पहले 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 194/5 और 2024 में श्रीलंका के खिलाफ 172/3 का स्कोर बना चुका है।
हरमनप्रीत कौर ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महिला टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। हरमनप्रीत ने 36 रन की पारी के दौरान अपना कुल रन आंकड़ा 762 तक पहुंचाया और पूर्व कप्तान मिताली राज (726 रन) को पीछे छोड़ दिया। भारतीय खिलाड़ियों में टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में अब हरमनप्रीत पहले, मिताली दूसरे और स्मृति मंधाना तीसरे स्थान पर हैं।
टॉस के दौरान नहीं हुआ हैंडशेक
मुकाबले से पहले टॉस के समय भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों की महिला कप्तानों के बीच ऐसा देखने को मिला। हालांकि, हरमनप्रीत ने मैच से पहले साफ कहा था कि उनका पूरा ध्यान केवल क्रिकेट पर है और टीम पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले दबाव को सकारात्मक तरीके से लेने पर फोकस कर रही है।
  • Related Posts

    चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हो रहा है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।…

    भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

    हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों के बाद बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे…