पश्चिम एशिया संघर्ष: होर्मुज खोलने और बातचीत के लिए ईरान का अमेरिका को प्रस्ताव

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए सात दिन की योजना पेश करने की बात कही है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और उसके बाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव है।

अराघची ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान पत्रकारों से कहा कि यह प्रस्ताव इसी साल जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौता ज्ञापन के समान है। उन्होंने कहा, “हमने मध्यस्थों के जरिए अमेरिका के सामने एक योजना रखी है कि अगर कुछ शर्तें पूरी होती हैं तो सातवें दिन के अंत में होर्मुज जलडमरूमध्य खोल दिया जाएगा और बातचीत फिर से शुरू होगी। यह बेहतर होगा कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले कोई समझौता हो जाए।”
क्या अमेरिकी सेना पर हमले बंद करेगा ईरान?
इससे पहले जर्मनी के विदेश मंत्री योहान वाडेफुल के साथ बैठक में अराघची ने कहा कि ईरान ने कूटनीति को आगे बढ़ाने के लिए अपनी उचित शर्तें और मांगें अमेरिकी पक्ष के सामने रख दी हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा बहाल करने के लिए ईरान के खिलाफ अमेरिका की हस्तक्षेपकारी और आक्रामक कार्रवाइयों को खत्म करना जरूरी है।
ईरानी विदेश मंत्री ने अपने शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम को लेकर कूटनीति जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जताई। उन्होंने कहा कि बातचीत में ईरान की सद्भावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अराघची ने जर्मनी समेत यूरोपीय देशों की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यूरोपीय देश अंतरराष्ट्रीय कानून के अमेरिकी उल्लंघनों और दबाव बनाने वाली कार्रवाइयों को नजरअंदाज कर रहे हैं।

ईरान-अमेरिका के बीच समझौता न होने के लिए कौन जिम्मेदार?
इस बीच, फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने इसी साल जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते को लागू नहीं किए जाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी पक्ष को जिम्मेदार ठहराया।

और पढ़े  अमेरिकी एफ-35 के पुर्जे हांगकांग कैसे पहुंचे?: पेंटागन ने शुरू की जांच, चीन के हाथ लगने की खबर से बढ़ी चिंता

पेजेश्कियान ने कहा, “हम आपके राष्ट्रपति के साथ एक समझौते पर पहुंचे थे। उस समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे और उसके आधार पर हम आगे बढ़ने के लिए तैयार थे और अब भी तैयार हैं। ढांचा तय हो चुका था। हमने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद नहीं किया था। वह खुला था, बिना किसी कानूनी औचित्य के उन्होंने हम पर हमला किया। उन्होंने हमारे सम्मानित सर्वोच्च नेता की हत्या की और उन्हें शहीद कर दिया। हमारे वैज्ञानिकों, सैन्य कमांडरों और सरकार के लोगों की भी हत्या की गई। समस्या यह है कि अमेरिका बातचीत करने के बजाय पहले हम पर बमबारी करके और हर रास्ता बंद करके संघर्ष में उतर गया। हम तैयार हैं।”

पेजेश्कियान बोले- नहीं झुकेगा अमेरिका
ईरान के राष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए अपने भाषण के दौरान रखे रुख को दोहराते हुए कहा कि संघर्ष शुरू करने की जिम्मेदारी अमेरिका की थी और ईरान केवल अपना बचाव कर रहा था। पेजेश्कियान ने कहा कि ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद उनका देश किसी विदेशी शक्ति के सामने झुकने वाला नहीं है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानूनी ढांचे के तहत समझौते के लिए अमेरिकी प्रशासन पर फैसला लेने की जिम्मेदारी डाली।

परमाणु हथियारों को लेकर पूछे गए सवाल पर पेजेश्कियान ने कहा कि ईरान ऐसा कोई हथियार हासिल करने की कोशिश नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा, “बिल्कुल नहीं। बिल्कुल नहीं। हमारे शहीद और सम्मानित सर्वोच्च नेता ने कई बार कहा था कि धार्मिक आदेश के अनुसार यह अपवित्र है। यह अवैध है।” ईरानी राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिया कि उनका देश परमाणु संवर्धन का स्तर कम करने और अंतरराष्ट्रीय निरीक्षकों की निगरानी स्वीकार करने के लिए तैयार है।
  • Related Posts

    एशियन गेम्स 2026: शूटिंग में भारत का पहला स्वर्ण, 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में मिला रजत,कमलजीत-सुरुचि का कमाल

    एशियन गेम्स के छठे दिन यानी शुक्रवार को पदक मुकाबलों का रोमांच बढ़ने वाला है। भारत के लिए यह दिन काफी व्यस्त रहने वाला है और पदक तालिका में बढ़त…

    अमेरिकी एफ-35 के पुर्जे हांगकांग कैसे पहुंचे?: पेंटागन ने शुरू की जांच, चीन के हाथ लगने की खबर से बढ़ी चिंता

    अमेरिका के सबसे आधुनिक लड़ाकू विमानों में शामिल एफ-35 के कुछ पुर्जों के हांगकांग पहुंचने के बाद पेंटागन ने जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ये पुर्जे ऑस्ट्रेलिया…