मशीन के पीछे था इंसानी दिमाग?: जर्मनी में लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में रोबोट जब्त

जर्मनी के कोलोन शहर में 16 साल की एक लड़की के साथ रोबोट द्वारा कथित तौर पर अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, रोबोट ने लड़की के नितंबों (कूल्हे) को छुआ और उसकी ओर अश्लील इशारे करते हुए हरकतें कीं। इस मामले में पुलिस ने रोबोट को जब्त कर लिया है। साथ ही, दो किशोरों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात हुई। रोबोट के कथित मालिक की उम्र भी 16 साल बताई गई है, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे युवक की उम्र 19 साल है। आरोप है कि दोनों ने घटना का वीडियो बनाया और उसे ऑनलाइन प्रसारित भी किया।
रोबोट को कार की डिक्की से बरामद किया
कोलोन पुलिस के प्रवक्ता क्रिस्टोफर बर्मेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे। वहां एक फास्ट फूड रेस्तरां के पास खड़ी गाड़ी की डिक्की से रोबोट मिला। पुलिस ने रोबोट के साथ दोनों युवकों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों पर फिलहाल आरोप तय नहीं किए गए हैं, लेकिन उन्हें संदिग्ध माना जा रहा है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रोबोट की हरकतें पहले से प्रोग्राम की गई थीं या उसे उसी समय रिमोट के जरिए नियंत्रित किया जा रहा था।
करीब चार फीट लंबा है रोबोट
पुलिस के मुताबिक, रोबोट की लंबाई करीब 120 सेंटीमीटर यानी लगभग चार फीट है। इसकी तस्वीर नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया पुलिस की कोलोन इकाई ने फेसबुक पर साझा की थी। तस्वीर में रोबोट लाल और सुनहरे रंग का दिखाई दे रहा है। उसने सफेद बनियान, काली पैंट, गले में सोने जैसी चेन और आंखों पर धूप का चश्मा पहन रखा था। उसके चेहरे पर नकली मूंछें भी दिखाई दे रही थीं।वीडियो में महिलाओं के पास जाते दिखे युवक
इंटरनेट पर प्रसारित वीडियो में दो युवक रोबोट को सड़क पर महिलाओं के एक समूह की ओर ले जाते दिखाई देते हैं। वीडियो में रोबोट एक महिला से टकराता है और कुछ अन्य महिलाओं को गले लगाता नजर आता है।

और पढ़े  Nana Patekar Death- पंचतत्व में विलीन नाना, पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

एक अन्य दृश्य में रोबोट के कथित तौर पर अश्लील इशारे करने पर एक युवक उसे बार-बार पीछे खींचता और उस पर चिल्लाता दिखाई देता है। आसपास मौजूद कुछ लोग हंसते हुए भी नजर आते हैं। हालांकि, पुलिस इस मामले में रोबोट के संचालन और दोनों युवकों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर की टिप्पणी
कोलोन पुलिस के प्रवक्ता क्रिस्टोफर बर्मेल ने कहा कि इस तरह की घटना उनके लिए नया मामला है। उन्होंने बताया कि पुलिस पहले इस तरह की घटना से परिचित नहीं थी और जांच के दौरान कई पहलुओं को समझने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने मंगलवार को फेसबुक पर साझा की गई पोस्ट में घटना को लेकर की जा रही अनुचित टिप्पणियों की आलोचना भी की। अधिकारियों ने चेताया कि ऐसे मामलों पर मजाक करना या उनसे जुड़े वीडियो साझा करना पीड़ित पर पड़ने वाले प्रभाव को और गंभीर बना सकता है।

  • Related Posts

    भारत आ रहे हैं विदेश मंत्री रूबियो: जामनगर की रिफाइनरी पर अमेरिका की नजर, ऊर्जा सहयोग को लेकर क्या है तैयारी?

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो 17 से 22 अक्तूबर तक उज्बेकिस्तान और भारत के दौरे पर रहेंगे। रूबियो का भारत दौरा ऊर्जा सहयोग और निवेश के लिहाज से अहम…

    उपलब्धि: मंगल पर पर्सिवरेंस ने तय की 45 किमी दूरी, नासा के कार के आकार वाले रोवर ने तोड़ा रिकॉर्ड

    अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का पर्सिवरेंस रोवर पृथ्वी के अलावा किसी अन्य ग्रह की सतह पर सबसे ज्यादा दूरी तय करने वाला पहला रोबोटिक उपकरण बन गया है। नासा ने…