दो तिहाई किशोरों में विटामिन बी12 की कमी: आधे से ज्यादा वयस्क भी प्रभावित, सर्वेक्षण में सामने आए आंकड़े

देश के करीब दो तिहाई किशोर विटामिन बी12 की कमी से जूझ रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआईएन) के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में 10 से 19 साल की 65.4 फीसदी किशोरियों और 66.1 फीसदी किशोरों में इसकी कमी मिली है। वयस्कों में भी स्थिति चिंताजनक है। 20 से 59 साल की 55.2 फीसदी महिलाओं और 60.4 फीसदी पुरुषों में विटामिन बी12 का स्तर कम पाया गया।

आईसीएमआर-एनआईएन ने 2023 से 2025 के बीच देश के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों में यह सर्वेक्षण किया। इसके तहत 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया। अलग-अलग आयु और लिंग वर्गों में पोषण की स्थिति जानने के लिए 1.7 लाख से अधिक रक्त नमूनों की जांच की गई।
सर्वे के आंकड़ों में बड़ा खुलासा
सर्वेक्षण के आंकड़े बताते हैं कि विटामिन बी12 की कमी केवल किशोरों की समस्या नहीं है, बल्कि बड़ी संख्या में कामकाजी उम्र के महिला और पुरुष भी इसकी चपेट में हैं। सर्वेक्षण के नतीजे देश में खानपान और सूक्ष्म पोषक तत्वों की उपलब्धता को लेकर व्यापक स्तर पर ध्यान देने की जरूरत भी रेखांकित करते हैं।
ग्रामीण किशोरियों में कमी ज्यादा
सर्वेक्षण के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों की 66.5 फीसदी किशोरियों में विटामिन बी12 की कमी मिली, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 61.7 फीसदी रहा। किशोर लड़कों में इसके उलट शहरी क्षेत्रों में 68.6 फीसदी और ग्रामीण क्षेत्रों में 65.3 फीसदी में कमी पाई गई। यानी यह समस्या ग्रामीण और शहरी, दोनों आबादी में व्यापक है।

पांच से नौ साल के 46.5 फीसदी बच्चों और 12 से 59 महीने के 37.3 फीसदी बच्चों में भी इसकी कमी मिली। 20 से 59 साल की 55.2 फीसदी और 60 साल से अधिक उम्र की 41.2 फीसदी महिलाओं में विटामिन बी12 का स्तर कम पाया गया।

गर्भवती महिलाओं में भी 63 फीसदी कमी
गर्भवती महिलाओं में भी विटामिन बी12 की कमी का स्तर काफी अधिक मिला है। सर्वेक्षण के अनुसार, 63.1 फीसदी गर्भवती महिलाओं में इसकी कमी पाई गई, जबकि स्तनपान कराने वाली महिलाओं में यह आंकड़ा 51.8 फीसदी रहा। आईसीएमआर ने रक्त में विटामिन बी12 का स्तर 203 पिकोग्राम प्रति मिलीलीटर से कम होने पर इसे कमी की श्रेणी में रखा है।
और पढ़े  दिल्ली में दर्दनाक हादसा: जन्मदिन से पहले ही दुनिया से चला गया देवांश, 30 नवंबर को था बर्थडे, मकान हुआ जमींदोज
  • Related Posts

    दिल्ली दंगा केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से ‘सुप्रीम’ इनकार, सरकार-पुलिस से जवाब तलब

    सुप्रीमकोर्ट ने बुधवार को 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े बड़ी साजिश के मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया…

    संविधान दिवस पर देशभर में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी कांग्रेस,वेणुगोपाल ने बताया पूरा प्लान

    संविधान की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अपने अभियान के तहत, कांग्रेस 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के मौके पर सभी राज्यों में बड़े पैमाने पर ‘संविधान रक्षा मार्च’…