Post Views: 32,572
उत्तरप्रदेश के गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के धरने के दौरान एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में यूपी पुलिस के एक दरोगा छात्रों को सख्त लहजे में चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में दरोगा कह रहे हैं कि, “इतनी फोर्स लगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा… ये गोरखपुर पुलिस है।” यह घटना 8 सितंबर की दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई थी।
दरअसल, गोरखपुर में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में अनशन कर रहे निष्कासित छात्रों और पुलिस के बीच बुधवार को तनाव चरम पर पहुंच गया। अतरिक्त नियंता डॉ. वेद प्रकाश राय को अनशनकारियों की ओर से दौड़ा लिए जाने के बाद मामला और गरमा गया।
परिसर में लगातार दो घटनाओं के बाद पुलिसकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस के इकबाल को चुनौती देने वाली घटनाओं से नाराज पुलिसकर्मियों और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते स्थिति इतनी गरम हो गई कि पुलिस की ओर से भाषाई मर्यादा भी टूटती नजर आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर ने अतिरिक्त फोर्स बुलाने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों के तेवर तल्ख होने के बाद प्रशासनिक भवन के आसपास तनाव और बढ़ गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।