मथुरा के जिन कारोबारियों के ठिकानों पर शुक्रवार को आयकर विभाग ने छापा मारा, उनमें से एक कारोबारी ने बीते माह जयपुर में कार्यक्रम के दौरान मेहमानों को आठ से दस किलो सोने से बने उपहार बांटे थे। दिवाली पर भी लोगों को स्वर्ण उपहार दिए गए। यहीं से यह कारोबारी आयकर विभाग की रडार पर आ गए। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई इसी का परिणाम है।
बीते माह शहर के एक रियल एस्टेट कारोबारी ने जयपुर में बड़े स्तर एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें स्वर्ण उपहार भेंट किए गए। इस आयोजन की चर्चा कारोबार जगत में भी खूब रही। लगातार बड़े आयोजनों और महंगे उपहारों को लेकर कारोबारी चर्चा में आ गए। फिलहाल यह कारोबारी रियल एस्टेट के साथ होटल इंडस्ट्री में भी जमकर पैर पसार रहे हैं।
बीते तीन साल से यह कारोबारी अलग-अलग वजहों से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। शुक्रवार को आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में आ गया है। इनके साथ-साथ आयकर विभाग ने इनसे जुड़े अन्य व्यापारियों को भी लपेट लिया है। शुक्रवार सुबह पांच बजे से इन कारोबारियों के यहां टीम डटी हुई है।







