पहिवहन: पुरानी दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशन पर भी बनेंगे होल्डिंग, बिहार के लिए राजधानी से चलेंगी विशेष ट्रेन

दिवाली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तर्ज पर अब पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर भी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। जिन स्टेशनों पर स्थायी होल्डिंग एरिया की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां यात्रियों की संख्या के अनुसार अस्थायी व्यवस्था की जाएगी।

रेलवे का उद्देश्य स्टेशन परिसरों में भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेनों तक पहुंचाना है। उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त पंकज गंगवार के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे के सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने के बजाय पहले होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। यहां प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर बनाए गए अलग-अलग ब्लॉकों में यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से रखा जाएगा। संबंधित ट्रेन के आने पर उन्हें निर्धारित रास्ते से प्लेटफॉर्म तक भेजा जाएगा।
भीड़ और धक्का-मुक्की रोकने के लिए नई दिल्ली स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज से यात्रियों की आवाजाही पर रोक रहेगी। होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म नंबर 16 के रास्ते ही प्रवेश की व्यवस्था होगी। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचकर पूरी तरह रुकने के बाद ही उसके दरवाजे खोले जाएंगे। इससे ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान होने वाली अव्यवस्था तथा भगदड़ की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
दो हजार आरपीएफ जवानों की होगी तैनाती
त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब दो हजार रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जवानों की तैनाती की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर दूसरे रेल मंडलों से भी अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को बुलाया जाएगा। आरपीएफ के साथ वाणिज्य, परिचालन और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारी भी मिलकर काम करेंगे। अधिक भीड़ वाली ट्रेनों में आरपीएफ जवानों की एस्कॉर्ट ड्यूटी लगाई जाएगी। वे यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। इसके अलावा ट्रेनों में हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार किया जाएगा, ताकि यात्री आपात स्थिति या किसी शिकायत की स्थिति में सुरक्षा बलों से संपर्क कर सकें।

एआई से लैस कैमरों से भीड़ पर रहेगी नजर
स्टेशन परिसरों में भीड़ की स्थिति का आकलन करने के लिए एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन कैमरों से यात्रियों के जमावड़े और भीड़ के घनत्व की जानकारी मिलेगी। किसी प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार या फुटओवर ब्रिज पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसकी पहचान कर तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जा सकेंगे। इससे भीड़ का दबाव गंभीर स्थिति में पहुंचने से पहले ही जरूरी कदम उठाना संभव होगा।

प्लेटफॉर्म-16 पर 24 घंटे सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यहां रेलवे के सभी संबंधित विभागों के एक-एक अधिकारी की चौबीस घंटे ड्यूटी रहेगी। वरिष्ठ अधिकारी भी इस व्यवस्था का हिस्सा होंगे और ट्रेनों के आगमन तथा स्टेशन पर उनके प्रवेश से जुड़ी सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे। किसी ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर लेने से पहले आरपीएफ और परिचालन विभाग की सहमति अनिवार्य होगी। दोनों विभागों की मंजूरी मिलने के बाद ही ट्रेन को स्टेशन पर लिया जाएगा।

और पढ़े  भूटान में ग्लेशियर झील फटने से मची तबाही: अब भारत में बढ़ी चिंता, पश्चिम बंगाल और असम में बाढ़ की चेतावनी जारी

जरूरत के अनुसार चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रेलवे खाली रैक का भी इस्तेमाल करेगा। इसके लिए बड़ी संख्या में खाली रैक विभिन्न स्टेशनों पर उपलब्ध रखे जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें संबंधित स्थान पर भेजकर अतिरिक्त ट्रेन चलाई जा सके। किसी विशेष गंतव्य के लिए यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने पर ट्रेन ऑन डिमांड चलाने की व्यवस्था भी रहेगी। यह सुविधा यात्रियों की मांग के अनुसार किसी भी राज्य के लिए उपलब्ध कराई जा सकती है।

मेट्रो से मिलेगा भीड़ का पूर्वानुमान
रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या पर मेट्रो सेवाओं का भी असर पड़ता है। इसे देखते हुए दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। नई दिल्ली, आनंद विहार या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर आने वाली मेट्रो में यात्रियों की संख्या असामान्य रूप से बढ़ने पर इसकी जानकारी पहले ही आरपीएफ को दी जाएगी। इस सूचना के आधार पर संबंधित स्टेशन पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए जा सकेंगे। रेलवे को उम्मीद है कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल से त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित रखी जा सकेगी।

त्योहारों पर बिहार के लिए दिल्ली से चलेंगी तीन विशेष ट्रेनें
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने बिहार के लिए तीन विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें गया, पटना और मुजफ्फरपुर से नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलेंगी। इनके संचालन से छठ और अन्य त्योहारों पर बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

और पढ़े  नोएडा: पीएनबी घोटाले में ब्रांच के सभी कर्मियों पर कार्रवाई, मुख्य स्टाफ निलंबित, कुछ कर्मचारियों का तबादला

रेलवे के अनुसार, गया से नई दिल्ली के बीच गाड़ी संख्या 03697/03698 द्विसाप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। गया से यह ट्रेन सात से 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी। वहीं, नई दिल्ली से इसकी वापसी आठ से 29 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को होगी। इस ट्रेन के कुल सात-सात फेरे निर्धारित किए गए हैं। गया से ट्रेन दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:05 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से दोपहर 1:40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11:15 बजे गया पहुंचेगी।

इसी तरह पटना जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल के बीच गाड़ी संख्या 03293/03294 प्रतिदिन विशेष ट्रेन चलेगी। पटना से इसका संचालन पांच से 21 नवंबर तक और आनंद विहार से छह से 22 नवंबर तक होगा। दोनों ओर से कुल 17-17 फेरे लगाए जाएंगे। पटना से ट्रेन रात नौ बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर एक बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से शाम 3:50 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:25 बजे पटना पहुंचेगी। यह ट्रेन दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी और गाजियाबाद में रुकेगी।

वहीं, मुजफ्फरपुर और आनंद विहार टर्मिनल के बीच गाड़ी संख्या 05283/05284 विशेष ट्रेन के दो-दो फेरे चलाए जाएंगे। मुजफ्फरपुर से यह ट्रेन 21 और 28 नवंबर को प्रत्येक शनिवार को चलेगी। वापसी में आनंद विहार से 22 और 29 नवंबर को प्रत्येक रविवार को रवाना होगी। मुजफ्फरपुर से ट्रेन सुबह 6:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह पांच बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
  • Related Posts

    दिल्ली-एनसीआर की हवा बेहद खराब: नौरोजी नगर का एक्यूआई 416, नोएडा-गाजियाबाद और गुरुग्राम में है ऐसा हाल

    दिल्ली में दिवाली के त्योहार से पहले ही वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आज सुबह इस संबंध में जानकारी जारी की…

    मुश्किलों में घिरे CEC ज्ञानेश कुमार: 20 साल पुराने केस में जांच को मंजूरी, क्या है ₹2 करोड़ रिश्वत का मामला

    मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। केरलम में उनके खिलाफ करीब 20 साल पुराने कथित रिश्वत मामले की जांच का रास्ता खुल…