दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार की सुबह सर्वाेदय कन्या विद्यालय में 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा की ओर से परिसर में आत्महत्या को लेकर स्कूल प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर कैसे तमाम स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में छात्रा ने ऐसा कदम उठा लिया, क्या किसी ने छात्रा को ऐसा करते हुए नहीं देखा।
स्कूल के स्टाफ, छात्राओं और सहेलियों से पूछताछ जारी
जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रा ने किन परिस्थितियों में ऐसा कदम उठाया, इसकी पड़ताल की जा रही है। परिजनों से पूछताछ कर रहे कि इसके अलावा छात्रा की सहेलियों से भी बातचीत की जा रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि छात्रा ने प्रेम प्रसंग की वजह से तो ऐसा कदम नहीं उठाया। दूसरी ओर इस बात का भी पता किया जा रहा है कि कहीं ऐसा तो नहीं था कि कोई छात्रा को परेशान कर रहा था। तमाम दृष्टिकोणों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस छात्रा को पढ़ाने वाली टीचर्स से भी बातचीत कर रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि कहीं छात्रा किसी साजिश का तो शिकार नहीं हुई है। मामले की पड़ताल जारी है।






