सोनीपत: 2 करोड़ की रंगदारी के बाद कार्यालय पर बरसाई गोलियां, पीछा करते हुए पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़

नंदू गैंगस्टर के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के बाद खांडा रोड स्थित कार्यालय पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने फायरिंग करने वाले संदिग्ध युवकों का पीछा किया। हरसाना गांव की सीमा में एनएच-334बी पर पुलिस और बदमाश आमने-सामने हो गए। दोनों ओर से हुई फायरिंग में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से तीन देशी पिस्तौल बरामद हुई है।

 

वार्ड नंबर-1 खरखौदा निवासी दीपक के मोबाइल पर रात करीब सवा नौ बजे एक व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने खुद को नंदू गैंगस्टर के साथ मुकदमे में शामिल बताते हुए दीपक से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। फोन करने वाले ने अगली कॉल में रुपये देने की जगह बताने की बात कही। इसके करीब आधे घंटे बाद दीपक के खांडा रोड स्थित कार्यालय में रहने वाले अजय ने उसे फोन कर कार्यालय के बाहर फायरिंग होने की जानकारी दी।

 

बिना नंबर की बाइक से पहुंचे थे दो युवक
अजय के अनुसार काले रंग की बजाज सिटी-100 बाइक पर दो युवक कार्यालय के बाहर पहुंचे थे। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उस पर लाल पट्टी लगी हुई थी। दोनों युवकों ने कार्यालय पर फायरिंग की और इसके बाद मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कार्यालय के गेट और दीवार पर गोलियों के निशान मिले। मौके से एक खाली खोल भी बरामद किया गया।

और पढ़े  टीवी एंकर चेंग लेई ने तीन साल जेल में गुजारा अमानवीय जीवन, अब पूरी दुनिया को कर रहीं आगाह?

 

पीछा करते हुए हरसाना पहुंची पुलिस टीम
फायरिंग की घटना के बाद स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदिग्ध युवकों का पीछा करते हुए टीम हरसाना गांव की सीमा में एनएच-334बी पर पहुंची। यहां पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में गांव भटाना हाल सोनीपत शहर निवासी अंकित और गांव लहराड़ा निवासी हर्ष गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

मौके से तीन देशी पिस्तौल मिले
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। मौके से तीन देशी पिस्तौल बरामद हुए है। पुलिस बरामद हथियारों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।

रंगदारी की साजिश के पीछे कौन, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस घायल आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश किसने रची थी और नंदू गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल क्यों किया गया। पुलिस फायरिंग की वारदात में शामिल अन्य लोगों और आरोपियों के संपर्कों की भी जांच कर रही है। वारदात में इस्तेमाल बाइक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। रंगदारी मांगने, कार्यालय पर फायरिंग और पुलिस मुठभेड़ के मामले में जांच जारी है।

 

 

अधिकारी के अनुसार
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनसे पिस्तौल बरामद की गई है। आरोपी अभी घायल है, पूछताछ के बाद मामले में जानकारी मिल सकेगी।। -राजपाल, एसीपी क्राइम।

  • Related Posts

    ब्रिक्स समिट LIVE: रूसी राष्ट्रपति पुतिन शिष्टमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे, ब्राजील समेत कई देशों के मेहमान भी आए

    रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ब्रिक्स देशों की शिखर बैठक के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य सदस्य देशों के मेहमान भी आज राष्ट्रीय…

    जेल में बिगड़ी मादुरो की पत्नी की सेहत: 11 किलो वजन घटा, दिल की बीमारी के बीच घर में नजरबंदी की मांग क्यों?

    वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पत्नी और देश की पूर्व प्रथम महिला सीलिया फ्लोरेस ने अमेरिका की अदालत से जेल से बाहर आने की मांग की है। 69…