रूस के विश्वविद्यालय में चाकूबाजी, 4 भारतीय छात्रों समेत छह घायल, दूतावास ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक विश्वविद्यालय के छात्रावास में शनिवार को हुए चाकूबाजी के हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए। यह घटना उफा शहर स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉर्मिटरी में हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक किशोर चाकू लेकर छात्रावास में घुसा और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया। रूस के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार करने की कोशिश के दौरान उसने दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू मार दिया। इसके अलावा, आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

गिरफ्तारी के विरोध में आरोपी ने खुद को भी किया घायल
आंतरिक मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी का विरोध किया और इस दौरान हिंसक हो गया। हमलावर की उम्र 15 वर्ष बताई गई है और उसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भारत के दूतावास ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पुष्टि की कि घायलों में चार भारतीय छात्र शामिल हैं। दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा के लिए रवाना हो चुके हैं, ताकि घायल छात्रों को आवश्यक सहायता दी जा सके।

आरोपी प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन का सदस्य
रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमले में घायल चार लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर और तीन की स्थिति मध्यम बताई गई है। उफा प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। वहीं, टेलीग्राम चैनल ‘बाजा’ ने दावा किया है कि आरोपी एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से जुड़ा था।

और पढ़े  सर्दी की आहट के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में बढ़ने लगा एक्यूआई, इस बार सरकार कौन सी बंदिशें लेकर आई?

प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में बताया गया कि घटनास्थल पर चारों ओर खून फैला हुआ था और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

  • Related Posts

    ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव: ब्राजील में लूला दा सिल्वा चौथी बार बने राष्ट्रपति,

    ब्राजील में रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर के लिए मतदान के बाद नतीजे आ चुके हैं। इसमें मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को बहुमत मिला है।…

    मौसम अपडेट- भारत में बदलता मौसम का मिजाज,15 राज्यों में अलर्ट; स्कूल-कॉलेज बंद

    बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को चक्रवाती तूफान में बदल गया। चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, केरलम, पुडुचेरी में भारी…