राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर देश अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने जा रहा है. इस खास मौके पर आज पूरी दुनिया देखेगी कि भारत की लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक विरासत कितनी समृद्ध है. भव्य परेड में सांस्कृतिक विविधता, मिलिट्री ताकत और लोकतांत्रिक मूल्यों का अद्भुत प्रदर्शन किया जाएगा
पूरे देश में आज गणतंत्र दिवस की धूम है, हर कोई देशभक्ति के रंगों में सराबोर दिख रहा है. समुद्र तल से लगभग 3,583 मीटर (11,755 फीट) की ऊंचाई पर स्थित विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस बार 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. जहां चारों ओर बर्फ की मोटी परत, लगातार हो रही बर्फबारी और शून्य से कई डिग्री नीचे तापमान के बीच भी जवानों ने राष्ट्रीय पर्व को पूरे सम्मान और जोश के साथ मनाया.
कड़कड़ाती ठंड के बीच फहराया तिरंगा
केदारनाथ धाम में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और उत्तराखंड पुलिस के जवानों ने बाबा केदार की पावन भूमि पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया. माइनस तापमान, तेज ठंडी हवाओं के बावजूद जवानों का हौसला कम नहीं हुआ. राष्ट्रगान की धुन के साथ पूरा धाम देशभक्ति के भाव से भर उठा.
मुश्किल हालात में डटे हैं जवान
बाबा केदारनाथ धाम में तैनात ये जवान बेहद कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं. जहां सर्दियों में तापमान अक्सर माइनस 10 से माइनस 20 डिग्री तक पहुंच जाता है. बर्फबारी के कारण आवाजाही और काम बेहद मुश्किल हो जाता है. कई जगहों पर रास्ते पूरी तरह बर्फ से ढक जाते हैं. इसके बावजूद जवान सुरक्षा से लेकर बर्फ हटाने तक हर जिम्मेदारी को लगातार निभाते रहते हैं.









