रेखा आर्या प्रकरण: छह से अधिक ठिकानों पर दबिश के बाद भी नहीं मिला गिरधारी, कुछ करीबियों से की पूछताछ

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में जुटी विशेष जांच टीम (एसआईटी) छह से अधिक ठिकानों पर दबिश देने के बाद भी उन्हें नहीं खोज पाई है। टीम गिरधारी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, जांच का दायरा बढ़ाते हुए एसआईटी ने उनके कुछ करीबियों को देहरादून लाकर पूछताछ की है। अब तक इस मामले में पांच लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। एसआईटी इन बयानों के आधार पर भी मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

रेखा आर्या की शिकायत पर कैंट थाने में 15 अक्तूबर को गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कथित जालसाजी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंत्री ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप भी लगाया है। मामले की जांच एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है।
जांच के सिलसिले में एसआईटी बरेली और अन्य संभावित ठिकानों पर गिरधारी की तलाश कर चुकी है। टीम उनके परिजनों को भी नोटिस देकर जांच में सहयोग करने के लिए कह चुकी है। इसके बावजूद गिरधारी अब तक जांच टीम के सामने पेश नहीं हुए हैं। पुलिस उनकी तलाश के साथ मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें।

और पढ़े  उत्तराखंड: प्रदेश में बंदर और लंगूरों की गिनती का बदलेगा तरीका, भारतीय वन्यजीव संस्थान ने तैयार किया मोबाइल एप

एसआईटी प्रभारी जया बलोनी ने बताया कि जांच टीम पूछताछ में सामने आ रही जानकारियों और दस्तावेजी साक्ष्यों का मिलान कर रही है। गिरधारी की तलाश के साथ ही टीम का जोर शिकायत में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक पुष्टि करने पर है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

  • Related Posts

    उत्तराखंड: कोटद्वार में वाहन खाई में गिरा, चालक समेत 8 लोगों की मौत,बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं

    पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वैन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई…

    कांवली गांव में लूट: केयरटेकर ने रची थी साजिश, आंखों में स्प्रे डालकर लूटे थे गहने, भाई-बहन समेत 3 गिरफ्तार

    बसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली गांव में बुजुर्ग महिला के घर हुई लूट की घटना की साजिश घर के केयरटेकर ने ही रची थी। उसने घर की पूरी जानकारी…