राजस्थान Weather: राजस्थान में आज 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, 26-27 अगस्त से कमजोर होगा मानसून

राजस्थान में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ने की ओर है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 12 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 26-27 अगस्त से राज्य में मानसून गतिविधियां और कमजोर हो सकती हैं। इसके बाद पश्चिमी राजस्थान के साथ पूर्वी हिस्सों में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

इससे पहले पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, अलवर, धौलपुर और करौली जिलों में शनिवार देर शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर रविवार दोपहर तक जारी रहा। अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 75 मिमी यानी करीब 3 इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश से इन क्षेत्रों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

धौलपुर के बसेड़ी में हल्की बारिश के दौरान एक कच्चा मकान गिर गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक 38.7 डिग्री सेल्सियस तापमान श्रीगंगानगर में दर्ज हुआ। वहीं जयपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा।

अलवर में 57 मिमी बारिश, भरतपुर-धौलपुर में भी बरसे बादल

शनिवार रात से रविवार सुबह तक अलवर के कठूमर में 57 मिमी, रैणी में 45 और राजगढ़ में 39 मिमी बारिश दर्ज की गई। भरतपुर के बरैठा में 46, नदबई में 33 और रूपवास में 25 मिमी बारिश हुई। धौलपुर के सरमथुरा में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

रविवार दोपहर धौलपुर के राजाखेड़ा और सैंपऊ में 6-6 मिमी, बसेड़ी में 4 और बसई नवाब क्षेत्र में 16 मिमी बारिश हुई। करौली के कुडगांव और सपोटरा में भी 1 से 2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

और पढ़े  पता नहीं अपने आप को G7 क्यों कहते हैं?: पुतिन ने पश्चिमी देशों पर कसा तंज, समझाया ब्रिक्स कैसे बना ताकतवर

पूर्वी राजस्थान में गर्मी बढ़ी, पश्चिम के कई शहरों में पारा कम

बारिश के बावजूद पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान बढ़ा हुआ है। जयपुर, पिलानी, सीकर, टोंक, झुंझुनूं और फतेहपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा। इसके उलट दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के चलते पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में तापमान 35 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। यही वजह है कि रविवार को जयपुर का तापमान इन पश्चिमी जिलों से भी अधिक रहा।

39 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी हवाएं प्रभावी हैं। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सीमावर्ती इलाकों में तापमान बढ़ सकता है और कुछ शहरों में पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में भी अगले एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने की संभावना है। हालांकि 25 से 27 अगस्त के बीच कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

जयपुर में 35.6 डिग्री रहा तापमान

जयपुर में रविवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप निकली। बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस बढ़ गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने से तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

  • Related Posts

    साइनस: बंद नाक ने सांस लेना कर दिया था मुश्किल, दवाएं भी हो रही थीं बेअसर, फिर आई सामने हैरान करने वाली वजह

    बंद नाक, खांसी या रात को सांस लेने में परेशानी होना काफी आम समस्या है। मौसम बदलते ही ज्यादातर लोगों को ये दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। कुछ लोगों को…

    भारतीय युद्धपोत से भिड़ा पाकिस्तानी जहाज: दिल्ली से लेकर इस्लामाबाद तक हलचल, भारत ने पाक राजनियक को किया तलब

    अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र के भीतर भारतीय नौसेना के एक जहाज और पाकिस्तानी नौसेना के पोत की टक्कर के बाद भारत ने पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक को तलब कर…