भाजपा के वरिष्ठ नेतात और उत्तराखंड प्रभारी राम माधव ने हरिद्वार में विस्तारित कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं को विवाह का उदाहरण देते हुए एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव भी विवाह जैसा अवसर है, जिसमें दूल्हा बनने का मौका किसी एक को ही मिलता है लेकिन बारात में नाचना सभी को पड़ता है। इसी तरह टिकट किसी एक को मिलेगा, लेकिन पार्टी की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा।
प्रवासी कार्यकर्ता करेंगे सहयोग
राम माधव ने कहा कि दिल्ली, पंजाब और हिमाचल से आए विस्तारक जिला केंद्रों में रहकर अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह का माहौल और उत्साह प्रदेश में है, उसे देखते हुए भाजपा को कोई बाहरी ताकत नहीं हरा सकती, लेकिन कार्यकर्ताओं को अपनी सक्रियता बनाए रखनी होगी। उन्होंने उत्तराखंड के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राज्य के 27 वर्षों के इतिहास में जनता ने 17 वर्षों तक भाजपा को सेवा का अवसर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा रिकॉर्ड तोड़ने वाली पार्टी है। उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि उत्तराखंड और हिमाचल जैसे राज्यों में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा को भाजपा ने तोड़ा है। 10 साल के सफल शासन के बाद अब पार्टी 15 साल तक निरंतर जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।








