मथुरा समेत पूरे देश में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उत्सव की धूम रही। सुबह से ही भक्तों का सैलाब श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर उमड़ पड़ा। मथुरा में करीब 50 लाख भक्त कान्हा के जन्म के साक्षी बनने के लिए यहां पहुंचे। जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा पहुंचे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर पूजा की। रात 12 बजे कान्हा ने जन्म लिया तो श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर जयकारों से गूंज उठा।

मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर महाभिषेक का यह दौर 12:40 बजे तक चला। इसके बाद ठाकुरजी की शृंगार आरती की। इस संपूर्ण दृश्य के साक्षी बने लाखों भक्तों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हर कोई ठाकुर जी की एक झलक पाने के लिए ललायत नजर आया। देर रात तक जन्मोत्सव की धूम रही।
प्राकट्य अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण का महाभिषेक किया। इस मौके पर महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के साथ जन्मस्थान के प्रबंध न्यासी अनुराग डालमिया, सचिव कपिल शर्मा, गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी भी सहयोगी बने।
जयकारों के बीच भागवत भवन में भगवान कृष्ण के विग्रह को मोर्छलासन में विराजमान होकर अभिषेक स्थल पर लाया गया। यहां चांदी के कमलपुष्प में विराजित कान्हा का महाअभिषेक सवा मन दूध, दही, घी, बूरा, शहद और दिव्य औषधियों से निर्मित पंचामृत से किया गया।







