पंजाब के होशियारपुर में शुक्रवार आधी रात होशियारपुर-जालंधर हाईवे पर एक एलपीजी टैंकर ब्लास्ट मामले में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 13 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। तीन मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। शनिवार रात व रविवार सुबह अस्पताल में दाखिल चार मरीजों ने दम तोड़ दिया है। इससे पहले शनिवार तक तीन मरीजों की ही मौत हुई थी। चार मरीजों की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा सात पहुंच गया है।
गांव मंडियाला स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बॉटलिंग प्लांट से कुछ दूरी पर जालंधर होशियारपुर हाईवे पर एलपीजी गैस से भरा टैंकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई थी। मंडियाला के पास प्लांट की ओर जा रहा टैंकर महिंद्रा पिकअप से टकराकर पलटा। पलटने के कारण टैंकर में से तेजी से गैस लीक हुई और देखते ही देखते आसपास के इलाके में फैल गई और उसमें आग लग गई जिसकी चपेट में वहां से गुजर रहे वाहन और आसपास स्थित दुकानें व घर भी आ गए। आग लने से घरों में सो रहे लोग भी चपेट में आ गए थे।









